Connect with us

राज्य

एम्स भोपाल में विश्वस्तरीय फेफड़ा प्रत्यारोपण की राह आसान, अमेरिका से प्रशिक्षित डॉक्टर देंगे सेवाएं

मध्य प्रदेश के गंभीर फेफड़ा रोगियों के लिए राहत भरी खबर है। राजधानी भोपाल में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मरीजों को उन्नत तकनीक से फेंफड़ा प्रत्यारोपण की सुविधा मिलेगी। संस्थान के कार्डियो थोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. विक्रम वट्टी अमेरिका के प्रतिष्ठित वेंडरबिल्ट यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर से लंग ट्रांसप्लांट का उन्नत प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर वापस लौट आए हैं।

एम्स भोपाल को पहले ही फेफड़ा प्रत्यारोपण सेवाएं शुरू करने की अनुमति मिल चुकी है। ऐसे में विशेषज्ञ प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अस्पताल में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप इस जटिल चिकित्सा सुविधा को विकसित करने की तैयारी और मजबूत हो गई है।

प्रदेश के मरीजों को मिलेगा बड़ा लाभ

अब तक फेफड़ा प्रत्यारोपण जैसे जटिल उपचार के लिए प्रदेश के मरीजों को दिल्ली, चेन्नई, हैदराबाद सहित अन्य महानगरों के अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। भोपाल में यह सुविधा शुरू होने से मरीजों को न केवल अपने राज्य में बेहतर इलाज मिलेगा, बल्कि समय, आर्थिक खर्च और मानसिक परेशानी भी काफी कम होगी।

आधुनिक तकनीकों का मिला व्यावहारिक प्रशिक्षण

अमेरिका में प्रशिक्षण के दौरान डॉ. विक्रम वट्टी ने फेफड़ा प्रत्यारोपण से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं का गहन अध्ययन किया। इसमें अंग प्राप्त करने की प्रक्रिया, प्रत्यारोपण के लिए मरीजों का चयन, सर्जिकल तकनीक, ऑपरेशन के दौरान टीम समन्वय, अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों का उपयोग तथा ऑपरेशन के बाद मरीजों की देखभाल जैसे महत्वपूर्ण पहलू शामिल रहे।

यह प्रशिक्षण विश्वविख्यात लंग ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ प्रो. डॉ. कोनराड होएट्सेनेकर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विशेषज्ञों का मानना है कि इस अनुभव का लाभ भविष्य में एम्स भोपाल में विकसित होने वाली लंग ट्रांसप्लांट सेवाओं को मिलेगा और प्रदेश के मरीजों को विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।

इस प्रशिक्षण से संस्थान की विशेषज्ञता और मजबूत होगी। भविष्य में फेफड़ों की गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को आधुनिक और उच्चस्तरीय उपचार एम्स भोपाल में ही उपलब्ध कराया जा सकेगा।
– प्रो. (डॉ.) माधवानंद कर, कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ, एम्स, भोपाल

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *