Connect with us

राज्य

बिना वीजा भारत में घुसा बांग्लादेशी दंपती, वृंदावन होते हुए पहुंचा बिहार; कहा- वहां हिंदुओं पर होता है अत्याचार, कहां जाऊं

बिहार के बांका जिले के जमदाहा ओपी क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ के प्रसिद्ध राधा-कृष्ण मंदिर ठाकुरबाड़ी में पिछले तीन दिनों से अवैध रूप से रह रहे एक बांग्लादेशी दंपती और उनके दो बच्चों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शनिवार को सभी को न्यायिक अभिरक्षा में न्यायालय भेज दिया गया।

मंदिर संचालक की सतर्कता से खुली पोल, दंपती ने कुबूला सच

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब मंदिर के संचालक विजय राय को उन पर संदेह हुआ और उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने जब दंपती से कड़ाई से पूछताछ की, तो दोनों ने खुद को बांग्लादेश का नागरिक स्वीकार किया। उनके पास भारत में प्रवेश करने या यहाँ रहने का कोई भी वैध वीजा या कानूनी दस्तावेज नहीं था।

बांग्लादेश के बरिशाल और ढाका के रहने वाले हैं दोनों नागरिक

पकड़े गए पुरुष ने अपनी पहचान मिल्टन हल्दर (निवासी बरिशाल, बांग्लादेश) और महिला ने झुमारानी दास (निवासी मुन्सिगंज, ढाका, बांग्लादेश) के रूप में बताई है। पुलिस को दिए बयान में दंपती ने बताया कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे अत्याचार और परिवार के अन्य सदस्यों के अचानक लापता होने के बाद उन्होंने अपने बच्चों की जान बचाने के लिए भारत आने का फैसला किया था।

दलाल को दिए ₹20 हजार, बंगाल और वृंदावन होते हुए पहुंचे बिहार

पूछताछ में उन्होंने बताया कि करीब ढाई महीने पहले उन्होंने एक दलाल को 20 हजार रुपये देकर अवैध रूप से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार की और भारत में प्रवेश किया। पकड़े जाने के डर से वे पश्चिम बंगाल से सीधे उत्तर प्रदेश के वृंदावन चले गए। वृंदावन के मंदिरों में कुछ समय तक सेवा और पूजा-अर्चना करने के बाद वे भटकते हुए बांका के जमदाहा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचे थे।

तलाशी में मिला बांग्लादेशी आईडी कार्ड, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

पुलिस ने जब मंदिर में उनके कमरे की तलाशी ली, तो कपड़ों के अलावा एक बिना सिम कार्ड वाला मोबाइल फोन बरामद हुआ। महिला के पास से बांग्लादेश के राष्ट्रीय पहचान पत्र (National ID Card) की फोटोकॉपी मिली, जबकि पुरुष के मोबाइल में उसके पासपोर्ट की तस्वीर सेव थी। जमदाहा ओपी पुलिस ने बिना वैध दस्तावेजों के भारत में रहने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर सामान जब्त कर लिया है।

बांग्लादेशी दंपती को उनके दो बच्चों समेत गिरफ्तार किया गया है। अब तक की जांच में किसी प्रकार का कोई संदिग्ध या जासूसी एंगल प्रतीत नहीं हो रहा है। देश में अनाधिकृत रूप से रहने का केस दर्ज कर बांग्लादेशी दूतावास (Embassy) को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल, इन्हें भागलपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया है।

अमितेश कुमार, एसपी, बांका

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *