Connect with us

राज्य

भोपाल: DPI कार्यालय में ABVP कार्यकर्ताओं का हंगामा, आयुक्त के कक्ष में घुसकर की धक्का-मुक्की; कर्मचारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) कार्यालय में गुरुवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए आयुक्त अभिषेक सिंह के कक्ष में घुस गए। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने आयुक्त के साथ धक्का-मुक्की और अभद्रता की।

आयुक्त के कक्ष में प्रवेश से बढ़ा विवाद

डीपीआई के अधिकारियों-कर्मचारियों ने कहा कि गुरुवार शाम छह बजे के करीब प्रदर्शन कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने आयुक्त के कक्ष में प्रवेश कर अभद्रता और हिंसा के प्रयास जैसी स्थिति पैदा की। इससे शासकीय कार्य प्रभावित हुआ और अधिकारियों-कर्मचारियों में भय एवं असुरक्षा का माहौल बना।

कर्मचारियों ने की आपात बैठक, कार्रवाई की मांग

घटना के बाद लोक शिक्षण संचालनालय के अधिकारी और कर्मचारी लामबंद हो गए। उन्होंने आपात बैठक कर घटना की निंदा की। कर्मचारियों ने प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और लोकसेवकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

सविनय कार्य अवज्ञा की चेतावनी

साथ ही चेतावनी दी कि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में 21 अगस्त से सविनय कार्य अवज्ञा आंदोलन शुरू किया जाएगा।
कर्मचारियों ने स्कूल शिक्षा विभाग के प्रदेशभर के लोकसेवकों से भी आंदोलन में शामिल होने की अपील की। उनका यह भी कहना था कि इसके विरोध में शुक्रवार को स्कूल शिक्षा विभाग के सभी कार्यालयों में काम नहीं होगा।

माफी के बाद सुलझा विवाद

इसके बाद डीपीआई अधिकारी पुलिस में लिखित शिकायत देने की तैयारी करने लगे। हंगामे की सूचना पर वहां पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए थे। रात नौ बजे एबीवीपी के वरिष्ठ पदाधिकारी डीपीआई पहुंचे। वहां उन्होंने आयुक्त से बातचीत कर माफी मांगी। उसके बाद अधिकारी एफआईआर कराने से पीछे हट गए।

शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों के समर्थन में पहुंचे थे कार्यकर्ता

दरअसल, प्राथमिक शिक्षक भर्ती परीक्षा पास कर चुके कुछ अभ्यर्थियों को चयन सूची में जगह नहीं मिली है। आवेदन करते समय इन लोगों के पास बीएड या डीएलएड की डिग्री नहीं थी। अभ्यर्थियों का कहना है कि आवेदन के समय नियमावली में बीएड-डीएलएड अंतिम वर्ष के अभ्यर्थियों के लिए छूट थी, लेकिन बाद में विभाग ने नियमों में बदलाव कर दिया। ये लोग पिछले 12 दिनों से डीपीआई के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। एबीवीपी कार्यकर्ता इनके समर्थन में ही प्रदर्शन करने पहुंचे थे।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *