Connect with us

राज्य

यूथ से बूथ तक, केन-बेतवा से खेत तक… रामराजा की नगरी ओरछा में BJP ने बुना मिशन-2028 का रोडमैप

रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में 14 साल बाद जुटी भाजपा की मध्य प्रदेश कार्यसमिति में पहले दिन रविवार को यूथ को साधकर बूथ मजबूत करने और बुंदेलखंड के विकास पर फोकस रहा। दो दिन चलने वाली बैठक में 2028 के विधानसभा और 2029 के लोकसभा चुनाव की तैयारियों के साथ नई पीढ़ी को पार्टी संगठन से जोड़ने की रणनीति पर मंथन हुआ। बुंदेलखंड के विकास के लिए केन-बेतवा लिंक परियोजना को महत्वपूर्ण बताते हुए कांग्रेस द्वारा इसके विरोध की भर्त्सना की गई।

लगभग 350 प्रतिनिधियों की मौजूदगी में आयोजित कार्यसमिति में संगठनात्मक विषयों के साथ महिला सशक्तीकरण, युवाओं के रोजगार, किसानों के कल्याण और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी सुझाव रखे गए। तय हुआ कि पार्टी इन मुद्दों को सरकार की योजनाओं और संगठन के अभियानों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की रणनीति पर काम करेगी। युवाओं से संवाद किया जाएगा।

रामराजा की नगरी से संगठन को नई दिशा देने का संदेश

होटल राजमहल में बैठक की शुरुआत ध्वजारोहण और प्रदर्शनी के उद्घाटन से हुई। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मन की बात का सामूहिक श्रवण किया गया। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव चित्रकूट से ओरछा पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी के काम को आगे बढ़ाने के लिए रामराजा सरकार की नगरी से पवित्र स्थान दूसरा नहीं हो सकता।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यहां भगवान श्रीराम भगवान के साथ राजा भी हैं और रामराज की स्थापना भाजपा का लक्ष्य है। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यसमिति से आगामी समय के लिए नीतिगत दिशा और संगठन की कार्यशैली को बेहतर बनाने वाले परिणाम निकलने की बात कही।

BJP WC meeting orchha 854749

बुंदेलखंड के विकास को तरजीह

बुंदेलखंड के विकास पर रखे गए राजनीतिक प्रस्ताव का टीकमगढ़ के सांसद वीरेंद्र खटीक ने समर्थन किया। चर्चा में केन-बेतवा लिंक परियोजना को बुंदेलखंड में सिंचाई विस्तार और क्षेत्र के विकास से जोड़ते हुए इसे जनता के बीच ले जाने पर जोर दिया गया। इसके विरोध के लिए कांग्रेस की भर्त्सना करते हुए कहा गया कि जनता को बताया जाएगा कि कांग्रेस हर विकास कार्य का विरोध करती है।

बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने पत्रकारों के एक सवाल के जबाव में कहा कि जब चर्चा विकास पर हो रही है तो पृथक बुंदेलखंड राज्य का सवाल कहां से आ जाता है? सोमवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ कार्यशाला में सेवा, सुशासन और संगठन विस्तार पर चर्चा के साथ आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों का रोडमैप तय किया जाएगा। समापन सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी कार्यसमिति को संबोधित करेंगे।

कृष्णा गौर से इमरती बोलीं- रामराजा आपको मुख्यमंत्री बना दे

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान पूर्व मंत्री इमरती देवी और मंत्री कृष्णा गौर की मुलाकात का वीडियो चर्चा में है। वीडियो में इमरती देवी कहती सुनाई देती हैं- “मंत्री जी, बड़े दिनों में मिली हो। मैं तो कहती हूं कि रामराजा आपको मुख्यमंत्री बना दें।” यह सुनकर कृष्णा गौर कुछ देर रुकती हैं और फिर दोनों एक-दूसरे को गले लगाकर हंसती हुई आगे बढ़ जाती हैं।

वीडियो में कृष्णा गौर की ओर से इस टिप्पणी पर कोई राजनीतिक प्रतिक्रिया नहीं सुनाई देती। हालांकि, इमरती देवी की इस टिप्पणी ने भाजपा के राजनीतिक गलियारों में चर्चा जरूर छेड़ दी है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *