Connect with us

राज्य

रतलाम में खड़े ट्रक में घुसी कार, 4 की मौत, 3 साल के बच्चे समेत 5 घायल; खाटूश्याम दर्शन को जा रहा था परिवार

झाबुआ के जोबट से खाटूश्याम के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहा एक परिवार रतलाम में दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गया। दिल्ली-मुंबई एटलेन एक्सप्रेसवे पर शिवगढ़ थाना क्षेत्र के कजलिया पाड़ा के पास शुक्रवार देर रात तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रक से टकराने के बाद काफी दूर तक घिसटती हुई गई और फिर पलट गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन साल के बच्चे समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जोबट से नौ लोग निकले थे राजस्थान

एसआई आईएम खान के मुताबिक कार क्रमांक एमपी 09 डीएल 8098 में कुल नौ लोग सवार थे। सभी जोबट से खाटूश्याम के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहे थे। हादसा शुक्रवार रात करीब 11:30 बजे हुआ।

हादसे में 34 वर्षीय जतिन पुत्र हरिनारायण वर्मा और उनकी 30 वर्षीय पत्नी लिसा वर्मा, दोनों निवासी जोबट, 35 वर्षीय पप्पू पत्नी राजेश मांझी निवासी टांडा, धार तथा 35 वर्षीय राजू पत्नी अरुण निवासी मालवीय नगर, इंदौर की मौत हो गई।

कार के परखच्चे उड़े, अंदर फंसे लोग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक में खराबी आने के बाद उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार कुछ दूर तक घिसटती रही और फिर पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एनएचएआई को सूचना दी। कुछ लोग खुद बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि अन्य को निकालने के लिए राहत दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

ये हुए घायल

हादसे में 35 वर्षीय मीणा पत्नी प्रकाश कहार निवासी झाबुआ, आठ वर्षीय पथ पुत्र अरुण निवासी इंदौर, तीन वर्षीय टिशू पुत्र अरुण, 40 वर्षीय अरुण पुत्र मनीष तथा 30 वर्षीय रवि पुत्र दीपचंद निवासी पारा, झाबुआ घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया।

15 मिनट में पहुंची एंबुलेंस

हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई की एंबुलेंस रात करीब 11:45 बजे मौके पर पहुंची। एंबुलेंस स्टाफ संजय चरपोटा, पायलट प्रताप और अन्य कर्मचारियों ने राहत कार्य शुरू किया। शिवगढ़ पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। करीब 11:55 बजे क्रेन पहुंचने के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को निकालने का काम तेज किया गया। घायलों को दो एंबुलेंस से रतलाम मेडिकल कॉलेज भेजा गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के स्वजन भी देर रात रतलाम पहुंच गए।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में कार की गति तेज होने की बात सामने आई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ट्रक किस परिस्थिति में सड़क किनारे खड़ा था और हादसे से पहले वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद मृतकों के शव स्वजनों को सौंप दिए गए।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *