Connect with us

मध्य प्रदेश

भोपाल के न्यू मार्केट में छोले-भटूरे की दुकान में भड़की आग, आसपास की दुकानें भी चपेट में आईं; 3 लोगों ने खिड़की से कूदकर बचाई जान

शहर के व्यस्ततम न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब खेड़ापति हनुमान मंदिर के पीछे स्थित छोले-भटूरे की दुकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें करीब 20 से 25 फीट ऊंची हो गईं और आसपास की दुकानों व रेहड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छोले-भटूरे तलने के दौरान अचानक भट्टी से आग भड़क गई और दुकान के ऊपर लगा बैनर भी आग की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में लपटें तेजी से बढ़ने लगीं और आग ने आसपास की चार दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में दो गैस सिलिंडर भी रखे हुए थे। लोगों ने सिलिंडर में विस्फोट होने की बात भी कही, लेकिन आग लगने की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

हालांकि, निगम के दमकल अमले ने सिलिंडर में विस्फोट से इनकार किया है। जानकारी के अनुसार, घटना के समय दुकान में करीब 50 से 60 लोग मौजूद थे। आग लगते ही सभी तत्काल बाहर निकल गए और अपनी जान बचाई। हालांकि, तीन लोग इमारत के ऊपरी हिस्से में फंस गए थे। वे खिड़की के जरिए बाहर निकले और कूदकर अपनी जान बचाई।

fire in NM Shop 219

20 से ज्यादा दमकल वाहनों ने संभाला मोर्चा

आग की सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। 20 से ज्यादा दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान चलाया गया। लपटें तेज होने के कारण शुरुआत में दमकलकर्मियों को दुकान के भीतर प्रवेश करने में परेशानी हुई। करीब एक घंटे तक बाहर से पानी डालकर आग की तीव्रता कम की गई।

fire in NM Shop 217

इसके बाद दुकान की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया और अंदर सुलग रहे सामान पर पानी डाला गया। करीब पांच घंटे से अधिक की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। दोबारा आग भड़कने की आशंका को देखते हुए दमकलकर्मी काफी देर तक मौके पर मौजूद रहे।

fire in NM Shop 216

अतिक्रमण को लेकर व्यापारियों में नाराजगी

आसपास के व्यापारियों ने दमकल के पहुंचने में देरी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि न्यू मार्केट में अतिक्रमण, रेहड़ियों और वाहनों के कारण रास्ते संकरे हैं। इसी वजह से दमकल वाहनों को अंदर आने में परेशानी हुई और तब तक आग कई दुकानों तक फैल गई। आग से करीब पांच-छह दुकानें और 10-12 रेहड़ियां प्रभावित हुईं। कपड़े, मोबाइल और बर्तन समेत कई दुकानों का सामान जल गया। व्यापारियों के अनुसार, दिवाली के लिए बड़ी मात्रा में स्टाक रखा गया था, जिससे नुकसान बढ़ गया।

यह भी पढ़ें- MP में बौद्ध मठों के पते पर बनते रहे फर्जी पासपोर्ट, पुलिस वेरिफिकेशन में कम पूछताछ का उठाया फायदा; फर्जीवाड़े की जड़ तलाश रही STF

व्यापारियों ने रखी अतिक्रमण हटाने की मांग

घटना के बाद व्यापारियों ने महापौर मालती राय और विधायक भगवानदास सबनानी के सामने अतिक्रमण हटाने की मांग रखी। विधायक ने घटना को सबक बताते हुए न्यू मार्केट को जल्द अतिक्रमण मुक्त कराने की बात कही। हादसे ने बाजार की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन रास्तों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *