Connect with us

मध्य प्रदेश

समलैंगिक डेटिंग एप पर दोस्ती कर युवक को होटल में बुलाया, न्यूड वीडियो बनाकर लूटे 1.38 लाख; ग्वालियर में दो गिरफ्तार

समलैंगिक डेटिंग ऐप के जरिए युवक से दोस्ती कर उसे होटल में बुलाने और फिर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर युवक को न्यूड किया, उसका वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे वायरल करने की धमकी देकर 1.38 लाख रुपये वसूल लिए। पुलिस ने इस मामले में मुरैना निवासी दो आरोपितों हरिभान गुर्जर और सोनू गुर्जर को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो अन्य साथियों की तलाश जारी है।

डेटिंग ऐप पर दोस्ती, फिर होटल में मिलने बुलाया

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की पहचान नीतेश (बदला हुआ नाम) के रूप में हुई है। उसकी शिकायत के अनुसार, 8 अक्टूबर को ग्राइंडर (Grindr) डेटिंग ऐप के जरिए राहुल नाम के युवक से उसकी दोस्ती हुई थी। राहुल ने उसे ग्वालियर के सिटी सेंटर स्थित होटल गोल्डन लीफ में मिलने के लिए बुलाया।

आरोप है कि युवक के होटल पहुंचने के बाद वहां कुछ अन्य लोग आ गए। उन्होंने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया और युवक का न्यूड वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। आरोपितों ने कथित तौर पर यह भी कहा कि रुपये नहीं देने पर उसे गलत गतिविधियों के मामले में फंसाकर क्राइम ब्रांच में केस दर्ज करा देंगे।

पांच लाख रुपये मांगे, धमकाकर वसूले 1.38 लाख

शिकायत के मुताबिक, आरोपितों ने युवक को छोड़ने के बदले पांच लाख रुपये की मांग की। शुरुआत में उससे आठ हजार रुपये नकद लिए गए। इसके बाद फोन-पे के जरिए तीन बार में 10-10 हजार रुपये ट्रांसफर करवाए गए। आरोपितों ने उसका एटीएम कार्ड भी ले लिया और कथित तौर पर 30 हजार रुपये निकाल लिए।

युवक का आरोप है कि आरोपितों ने उसके साथ मारपीट कर एटीएम का पासवर्ड भी पूछ लिया। इसके बाद 70 हजार रुपये और मांगे गए। रकम जुटाने के लिए पीड़ित ने अपनी एक दोस्त को फोन किया। दोस्त ने सिरोल स्थित अपनी बहन के घर से रुपये दिलवाए।

यह भी पढ़ें- ग्वालियर में तलाक के बाद भी साथ रह रहे थे पति-पत्नी, महिला ने पूर्व पति पर लगाया दुष्कर्म का आरोप; FIR दर्ज

क्रेटा कार से सिरोल पहुंचे आरोपित

पुलिस के अनुसार, अतिरिक्त रकम लेने के लिए आरोपित क्रेटा कार से युवक को सिरोल ले गए। वहां से रुपये लेने के बाद उसे छोड़ दिया गया। पीड़ित की शिकायत के मुताबिक, आरोपितों ने कुल 1.38 लाख रुपये वसूले।

दो गिरफ्तार, पुराने मामलों के एंगल से भी पूछताछ

ग्वालियर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हरिभान गुर्जर और सोनू गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया है। उनके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है, जिनके बारे में बताया गया है कि वे गिरफ्तार आरोपितों के रिश्तेदार हैं।

एसएसपी धर्मवीर सिंह के अनुसार, आशंका है कि आरोपित पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहे हैं। इसी बिंदु पर उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *