Connect with us

राज्य

बिना कागजात भारत में एंट्री की कोशिश! रक्सौल में स्विट्जरलैंड की महिला और म्यांमार का युवक गिरफ्तार

भारत-नेपाल की खुली सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्क निगाहों ने एक बार फिर अवैध प्रवेश की कोशिश को नाकाम कर दिया। रक्सौल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर इमिग्रेशन विभाग और हरैया थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो विदेशी नागरिकों को वगैर वैध दस्तावेज भारत में प्रवेश करने का प्रयास करते हुए गिरफ्तार किया।

इनमें स्विट्जरलैंड की एक महिला और म्यांमार का एक युवक शामिल हैं। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सीमा क्षेत्र में निगरानी और जांच व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरैया थाना क्षेत्र स्थित कस्टम चौक के समीप इमिग्रेशन विभाग की टीम नियमित जांच अभियान चला रही थी। भारत-नेपाल सीमा पर बढ़ाई गई चौकसी के तहत आने-जाने वाले लोगों के दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही थी।

इसी दौरान दो विदेशी नागरिक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए दिखाई दिए। टीम ने उन्हें रोककर पूछताछ की तथा भारत में प्रवेश से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा।

जांच के दौरान दोनों विदेशी नागरिक भारत में प्रवेश के लिए आवश्यक वैध वीजा, यात्रा अनुमति पत्र और अन्य जरूरी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में महिला की पहचान स्विट्जरलैंड निवासी जुनिला थेक श्रेष्ठा तथा युवक की पहचान म्यांमार के यांगून निवासी आंग निंग लेट के रूप में हुई।

दस्तावेजों की जांच में कई आवश्यक औपचारिकताओं की कमी पाए जाने पर दोनों को तत्काल हिरासत में ले लिया गया।

इमिग्रेशन विभाग ने मामले की सूचना हरैया थाना पुलिस को दी, जिसके बाद दोनों विदेशी नागरिकों को थाने लाकर विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उनके भारत आने के उद्देश्य, यात्रा मार्ग और संपर्क सूत्रों के बारे में जानकारी जुटाई गई।

हालांकि, प्रारंभिक जांच में दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिसके बाद उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई। हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि इमिग्रेशन विभाग की लिखित शिकायत के आधार पर दोनों विदेशी नागरिकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों विदेशी नागरिक किस उद्देश्य से भारत में प्रवेश करना चाहते थे। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं उनका संबंध किसी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क अथवा किसी संदिग्ध गतिविधि से तो नहीं है। जांच एजेंसियां उनके यात्रा इतिहास, संपर्कों और सीमा तक पहुंचने के रास्तों की भी पड़ताल कर रही हैं।

गौरतलब है कि रक्सौल बॉर्डर भारत-नेपाल के बीच सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सीमाओं में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों लोगों और वाहनों का आवागमन होता है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्कता बरत रही हैं। हाल के दिनों में सीमा पर जांच व्यवस्था को और मजबूत किया गया है तथा अवैध प्रवेश, तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।

अधिकारियों का कहना है कि सीमा सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *