Connect with us

मध्य प्रदेश

हाई कोर्ट का फैसला आने के बाद MPPSC मुख्य परीक्षा-2025 की तारीख घोषित, यहां पढ़ें आवेदन समेत अन्य डिटेल्स

जबलपुर हाई कोर्ट ने गुरुवार को राज्य सेवा मुख्य परीक्षा को लेकर लगे अंतरिम स्थगन (स्टे) को हटा दिया था। इससे अभ्यर्थियों को राहत मिली। इसके बाद मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने शुक्रवार को राज्य सेवा मुख्य परीक्षा 2025 की तारीखों की घोषणा करते हुए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। परीक्षा का आयोजन 17 से 22 अगस्त के बीच किया जाएगा।

अधिकारियों के मुताबिक मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया अगले सप्ताह से शुरू की जाएगी। 25 जून से 15 जुलाई के बीच प्रारंभिक परीक्षा में चयनित अभ्यर्थी अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।

आयोग ने राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 का परिणाम पांच मार्च 2025 को घोषित किया था। वर्गवार कटऑफ जारी नहीं करना, आरक्षित वर्ग के मेधावी छात्रों को अनारक्षित पदों पर चयन न देने को लेकर अभ्यर्थियों ने जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका दायर की। सवा साल इंतजार करने के बाद न्यायालय ने फैसला दिया है।

मुख्य परीक्षा के आवेदन के लिए मध्य प्रदेश के मूल निवासियों को 400 रुपये और अन्य राज्यों के चयनित अभ्यर्थियों को 800 रुपये पंजीकरण शुल्क देना होगा। 15 जुलाई के बाद ऑनलाइन आवेदन करने पर अभ्यर्थियों से विलंब शुल्क वसूला जाएगा। 10 अगस्त से अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

इन जिलों में बनाए परीक्षा केंद्र

आयोग ने परीक्षा के लिए 12 जिलों में परीक्षा केंद्र रखे हैं, जिसमें इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, रतलाम, सतना, सागर, शहडोल, बड़वानी, उज्जैन और बालाघाट शामिल हैं।

छह दिन होंगी परीक्षाएं

17 से 20 अगस्त तक सामान्य अध्ययन प्रथम, द्वितीय, तृतीय व चतुर्थ पेपर होंगे। 21 अगस्त को सामान्य हिंदी व व्याकरण और 22 अगस्त को हिंदी निबंध का पेपर रखा गया है। सुबह 10 से दोपहर एक बजे वाले सत्र में पेपर होंगे।

आयोग ने अभ्यर्थियों को घंटेभर पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending