Connect with us

उत्तर प्रदेश

‘तुम लोग मुस्लमानों को जिहादी बना रहे हो…’, करीब ढाई महीने बाद तिहाड़ जेल के बाहर आए सलीम वास्तिक ने किसे बनाया निशाना!

नाबालिग के अपहरण और हत्या के मामले में दोषी ठहराया जा चुका यूट्यूबर सलीम वास्तिक एक बार फिर चर्चा में है. तिहाड़ जेल के बाहर से बनाया गया उसका 44 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो को सलीम ने फेसबुक पर पोस्ट किया है, जिसमें वह समुदाय विशेष को लेकर टिप्पणी करता नजर आ रहा है.

तिहाड़ जेल के बाहर से दिया खुला संदेश

वायरल वीडियो में सलीम वास्तिक कहता दिखाई दे रहा है, ‘जगह देख लो, कौन सी है. तिहाड़ जेल के बाहर की, मैं बाहर आ गया हूं. तुम लोगों का टाइम आ गया है कमर कसने का, तुम लोगों की प्लानिंग को मैं खत्म करूंगा.’  इसके बाद वह आगे कहता है, ‘मैं मुस्लमानों को पढ़ाई और तरक्की की तरफ लेकर जाऊंगा. तुम लोग मुस्लमानों को जिहादी बना रहे हो, उन लोगों को उस रास्ते से हटाकर तरक्की के रास्ते पर ले जाऊंगा. मेरा खुला चैलेंज है, जो कर सकते हो कर लो, जय हिंद.’ वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर बहस का विषय बना हुआ है.

31 साल पुराने मामले का आरोपी है सलीम

सलीम वास्तिक का नाम पहली बार नहीं सुर्खियों में आया है. वह 31 साल पुराने अपहरण और हत्या के मामले का दोषी रह चुका है. पुलिस के मुताबिक साल 1995 में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर 13 साल के एक बच्चे का अपहरण किया था. अपहरण के बाद परिवार से 30 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई थी, लेकिन रकम मिलने से पहले ही बच्चे की हत्या कर दी गई थी. इस घटना ने उस समय पूरे इलाके को झकझोर दिया था.

उम्रकैद की सजा के बाद जमानत पर हुआ था फरार

पुलिस के अनुसार, इस मामले में सलीम को गिरफ्तार किया गया था और वर्ष 1997 में अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी. हालांकि, साल 2000 में उसे जमानत मिल गई, जिसके बाद वह फरार हो गया. गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने लगातार अपनी पहचान बदलने की कोशिश की. यहां तक कि उसने खुद को मृत घोषित करवा लिया और सलीम अहमद नाम से हरियाणा और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में रहकर ठिकाने बदलता रहा.

एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर की पहचान और दोबारा गिरफ्तारी

साल 2011 में दिल्ली हाईकोर्ट ने उसकी अपील खारिज कर दी थी. इसके बाद भी वह कानून की पकड़ से बचता रहा और सोशल मीडिया पर एक्स-मुस्लिम यूट्यूबर के तौर पर अपनी नई पहचान बना ली. हाल ही में एंटी रॉबरी एंड सीरियस क्राइम (ARSC) क्राइम ब्रांच को उसकी लोकेशन गाजियाबाद के लोनी इलाके में मिली. इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया था. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने करीब 31 साल तक कानून से बचने की हर संभव कोशिश की, लेकिन आखिरकार उसे पकड़ लिया गया और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की गई. अब तिहाड़ जेल के बाहर से सामने आए उसके नए वीडियो ने एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending