Connect with us

उत्तर प्रदेश

यूपी पुलिस सिपाही की बेटी को बॉयफ्रेंड समीर ने खिलाई थी गर्भनिरोधक दवा… ब्लीडिंग की वजह से 20 साल की छात्रा ने सीढ़ियों पर ही तोड़ दिया दम!

उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के सारनाथ क्षेत्र से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां अकथा इलाके के एक बॉयज हॉस्टल की सीढ़ियों पर 20 वर्षीय एक नर्सिंग छात्रा बेहद नाजुक स्थिति में बेसुध मिली. छात्रा के प्राइवेट पार्ट से  ब्लीडिंग हो रही थी और वह पूरी तरह खून से लथपथ थी. आनन-फानन में उसे नजदीकी प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. बता दें कि मृतका उत्तर प्रदेश पुलिस के एक सिपाही की बेटी थी. पुलिस ने मृतका के सहपाठी और बॉयफ्रेंड समीर को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है.

क्या है पूरा मामला?

मृतक छात्रा चंदौली के बलुआ थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी की बेटी थी और अपनी मां के साथ सारनाथ थाना परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर में रहती थी. वह पास के ही एक कॉलेज से नर्सिंग की पढ़ाई कर रही थी जहां उसकी दोस्ती समीर नाम के युवक से हुई. दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. समीर अकथा इलाके के एक पीजी में रहता था.

नर्सिंग कॉलेज में गर्मियों की छुट्टियां होने के कारण समीर अपने घर लौटने वाला था. उससे आखिरी बार मिलने के लिए छात्रा बेहद खुश थी. वह अपने घर से बकायदा दो लंच बॉक्स तैयार करके समीर के पीजी पहुंची थी ताकि दोनों साथ बैठकर खाना खा सकें.

बदनामी के डर से दवा खिलाने की आशंका

सामने आई जानकारी के मुताबिक, छात्रा करीब दो घंटे तक समीर के कमरे के भीतर ही मौजूद थी. आशंका जताई जा रही है कि छात्रा प्रेग्नेंट थी. लोक-लाज और बदनामी के डर से इस बात को छुपाने के लिए उसे कमरे के भीतर ही कोई हैवी गर्भनिरोधक या गर्भपात की दवा खिलाई गई. दवा खाते ही छात्रा के शरीर में भयानक रिएक्शन हुआ और उसके प्राइवेट पार्ट से गंभीर रूप से ब्लीडिंग शुरू हो गई. असहनीय दर्द से तड़पती हुई छात्रा जब मदद के लिए कमरे से बाहर भागी तो वह पीजी की सीढ़ियों पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी . सीढ़ियों पर खून बिखरा देख बॉयज हॉस्टल में हड़कंप मच गया, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका.

पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड को किया अरेस्ट

चूंकि मृतका खुद एक पुलिसकर्मी की बेटी थी, इसलिए घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन में आ गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बॉयफ्रेंड समीर को हिरासत में ले लिया है और उससे बंद कमरे में सघन पूछताछ की जा रही है. बताया जा रहा है कि युवक और युवती दोनों अलग-अलग धर्मों से ताल्लुक रखते हैं.

एसीपी सारनाथ ने क्या कहा?

इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए एसीपी (सारनाथ) विदूष सक्सेना ने बताया कि “नर्सिंग की 20 वर्षीय छात्रा पीजी में मूर्छित अवस्था में पाई गई थी, जिसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. डॉक्टरों की शुरुआती जांच में मृतका के शरीर पर बाहर से चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं. अत्यधिक ब्लीडिंग और दवा खिलाए जाने की जो आशंका जताई जा रही है, उसकी पुष्टि के लिए डॉक्टरों के एक विशेष पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.”

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस को परिजनों की तरफ से तहरीर प्राप्त हो गई है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी कि छात्रा को कौन सी दवा दी गई थी और मौत का मुख्य कारण क्या था. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी है.

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *