Connect with us

लाइफ स्टाइल

मुन्नार की वादियों से एलेप्पी के बैक वॉटर्स तक: केरल घूमने जा रहे हैं, तो इन खूबसूरत जगहों की जरूर करें सैर

गॉड्स ओन कंट्री के नाम से मशहूर केरल भारत के सबसे खूबसूरत टूरिस्ट डेस्टिनेशन में से एक है। अगर आप सुकून भरे माहौल में हरे-भरे नजारों और प्राकृतिक सुंदरता के बीच छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो केरल एक बेहतरीन ऑप्शन है।

केरल की संस्कृति, खान-पान और खूबसूरत नजारे पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं। अगर आप केरल घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो आपको यहां की कुछ खास जगहों पर जरूर घूमना चाहिए। आइए जानें इन जगहों के बारे में।

मुन्नार

पहाड़ों और बादलों के बीच बसा मुन्नार केरल का सबसे मशहूर हिल स्टेशन है। समुद्र से लगभग 1600 मीटर ऊंचाई पर बसा मुन्नार दूर-दूर तक फैले चाय के बागानों, झरनों और खूबसूरत पहाड़ियों के लिए जाना जाता है। यहां की ठंडी हवा और शांत वातावरण तनाव भरी जिंदगी से ब्रेक लेने के लिए बिल्कुल परफेक्ट है।

एलेप्पी

एलेप्पी केरल की सबसे मशहूर जगहों में से एक है और अपने बैकवॉटर्स और हाउसबोट्स के लिए पर्यटकों के बीच काफी पसंद किया जाता है। यहां के बैकवॉटर में हाउसबोट की सवारी करना और नारियल के पेड़ों के किनारे बसे खूबसूरत गांवों के नजारे देखना काफी अच्छा एक्सपीरिएंस होता है। यहां से सनसेट का नजारा भी बहुत सुंदर दिखाई देता है।

वरकाला

अगर आपको समंदर और बीच पसंद है, तो वरकाला आपको काफी पसंद आएगा। वरकाला की बीच पर चट्टाने हैं, जो यहां की खूबसूरती पर चार चांद लगाती हैं। इसके अलावा, यहां चट्टानों के ऊपर बने कैफे भी टूरिस्ट अट्रैक्शन स्पॉट हैं।

कोच्चि

कोच्चि को अरब सागर की रानी भी कहा जाता है। ये शहर अपनी प्राचीन संस्कृति और आधुनिकता के लिए जाना जाता है। यहां आप ऐतिहासिक फोर्ट कोच्चि, मट्टनचेरी पैलेस और सेंट फ्रांसिस चर्च देख सकते हैं। साथ ही, यहां औपनिवेशिक काल की इमारतें भी देखने को मिलेंगी।

वायनाड

पश्चिमी घाट की पहाड़ियों के बीच बसा वायनाड अपनी खूबसूरती और एडवेंचर के लिए जाना जाता है। यहां के घने जंगल, खूबसूरत झरने, गुफाएं और मसालों के बागान इस जगह को खास बनाते हैं। वायनाड में फॉरेस्ट ट्रेल में ट्रेकिंग और झील में बोटिंग का आनंद ले सकते हैं। यहां आप प्री-हिस्टोरिक एडक्कल गुफाएं भी देख सकते हैं।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *