Connect with us

राज्य

किसानों के लिए बिहार सरकार का नया प्‍लान, खेत से बाजार तक बढ़ेगी भागीदारी; एग्रीस्टैक पर जोर

मगध की धरती से महिला, दलित, गरीब और किसानों के कल्याण का नया शंखनाद हुआ है।

रविवार सुबह सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान कृषि मंत्री सह गया जिले के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने ये बातें कहीं।

उन्‍होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसान, महिला, युवा और गरीब के उत्थान के संकल्प को साकार करने के लिए कृषि विभाग अभियान के रूप में काम कर रहा है।

कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आय में वृद्धि, मिट्टी की उर्वरा शक्ति बनाए रखने और कृषि क्षेत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर सरकार का विशेष जोर है।

उन्होंने कहा कि एग्रीस्टैक के माध्यम से किसानों की जमीन से जुड़े विवादों के समाधान में तेजी आएगी। किसानों की जमीन और कृषि से संबंधित विवरण का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।

मिट्टी के स्वास्थ्य को लेकर अभियान को गति दी जाएगी, ताकि उर्वरक और कीटनाशकों के अनावश्यक इस्तेमाल पर रोक लगाई जा सके।

परंपरागत कृषि विकास योजना को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे रासायनिक खाद के अत्यधिक प्रयोग को कम कर किसानों के साथ आम लोगों के स्वास्थ्य की भी रक्षा की जा सके।

नकली खाद बेचने वालों पर होगी कार्रवाई

विजय सिन्हा ने कहा कि ‘खेत बचाओ अभियान’ के माध्यम से किसानों को जागरूक किया जाएगा। रासायनिक खाद के अत्यधिक इस्तेमाल से खेतों की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है।

खाद की कीमतों में अनावश्यक अंतर नहीं होने दिया जाएगा। जिलाधिकारी के नेतृत्व में खाद की बिक्री और उपलब्धता की लगातार निगरानी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि किसी थोक या खुदरा विक्रेता द्वारा नकली खाद बेचने की सूचना मिलती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

सूचना देने वाले व्यक्ति को सम्मानित भी किया जाएगा। उन्होंने बीज वितरण व्यवस्था की भी समीक्षा की है। जिलाधिकारी और जिला कृषि पदाधिकारी को क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार किसानों को बीज उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।

किसानों की समस्याओं को लेकर कृषि जन संवाद के माध्यम से आमने-सामने सुनवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कृषि योजनाओं को अधिक सुलभ और पारदर्शी बनाया जाएगा। गैर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पितृपक्ष मेला और कॉरिडोर योजनाओं पर होगी चर्चा

कृषि मंत्री ने कहा कि पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी के साथ चर्चा हुई है। तीन सितंबर को होने वाली बीस सूत्री की बैठक में पितृपक्ष मेला की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी।

इसके अलावा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, विष्णुपद कॉरिडोर और बोधगया कॉरिडोर को लेकर भी आगे विस्तृत चर्चा होगी।उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए बुद्धिजीवियों, प्रबुद्ध नागरिकों और आम लोगों से सुझाव लिए जाएंगे।

किसानों तक पहुंचेंगे कृषि विज्ञानी

विजय सिन्हा ने कहा कि सिंचाई व्यवस्था को लेकर विभाग सजग है। कृषि विज्ञानियों को खेतों तक पहुंचाकर किसानों को आधुनिक और वैज्ञानिक तकनीक की जानकारी देने पर जोर दिया जा रहा है।

धान की खेती को बेहतर बनाने, वैकल्पिक बीज को बढ़ावा देने और कृषि श्रमिकों के उत्थान को भी प्राथमिकता दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि कृषि उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों को बाजार से जोड़ना जरूरी है, ताकि उन्हें उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके। इसके लिए कृषि विभाग की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा।

शिकायत मिलने पर 24 घंटे में कार्रवाई का दावा

कृषि मंत्री ने कहा कि शिकायत के लिए नंबर जारी किया गया है। किसी अधिकारी या कर्मचारी के स्तर पर गड़बड़ी की जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की।

उन्होंने दावा किया कि शिकायत मिलने के 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर छापेमारी भी कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए आमने-सामने बैठकर सुनवाई करने की कार्यशैली अपनाई जाएगी। कोई अधिकारी या कर्मचारी जनता के प्रति गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

विजय सिन्हा ने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिहार को विकसित राज्य बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। बिहार के विकसित होने से ही देश के विकास का संकल्प और मजबूत होगा।

इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासित, पारदर्शी और जनसेवा की भावना के साथ काम करना होगा। सरकार का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *