Connect with us

राज्य

भोपाल में शिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों के धरने में पहुंचे दिग्विजय, बोले- मांगें नहीं मानीं तो शिक्षक दिवस से 24 घंटे की भूख हड़ताल

मध्य प्रदेश में शिक्षक भर्ती-2025 में पद बढ़ाने और रिक्त पदों पर भर्ती की मांग को लेकर भोपाल के नीलम पार्क में चल रहा अभ्यर्थियों का आंदोलन बुधवार को सियासी रंग लेता नजर आया। पिछले छह दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे अभ्यर्थियों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पहुंचे और उनकी मांगों का समर्थन किया।

दिग्विजय सिंह ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अभ्यर्थियों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वह 5 सितंबर, शिक्षक दिवस से खुद 24 घंटे की भूख हड़ताल शुरू करेंगे।

शिक्षक भर्ती और नए सिलेबस पर उठाए सवाल

अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने अपने कार्यकाल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में करीब 45 हजार नए स्कूल खोले गए थे और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए भर्ती प्रक्रिया में स्थानीय स्तर पर अधिकार दिए गए थे।

उन्होंने नए सिलेबस को लेकर भी सवाल उठाए। उनका आरोप था कि लंबे समय से पुराने पाठ्यक्रम के आधार पर पढ़ाने वाले अनुभवी शिक्षकों के सामने नए सिलेबस के कारण चुनौतियां खड़ी हो रही हैं।

‘शिक्षा और रोजगार से ध्यान भटका रही सरकार’

पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार को शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन युवाओं को दूसरे राजनीतिक और धार्मिक मुद्दों में उलझाया जा रहा है। उन्होंने राम मंदिर के चंदे को लेकर भी सवाल उठाए।

महिला अभ्यर्थियों ने बांधी राखी

धरना स्थल पर दिग्विजय सिंह के साथ पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान महिला अभ्यर्थियों ने दिग्विजय सिंह को राखी बांधी। 80 वर्षीय दिग्विजय सिंह ने कहा कि उम्र उनके उत्साह के आड़े नहीं आएगी और वह युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़े रहेंगे।

21 अगस्त से नीलम पार्क में डटे हैं अभ्यर्थी

माध्यमिक शिक्षक (वर्ग-2) और प्राथमिक शिक्षक (वर्ग-3) भर्ती में पदवृद्धि और रिक्त पदों को शामिल करने की मांग को लेकर अभ्यर्थी 21 अगस्त से नीलम पार्क में अनिश्चितकालीन धरना दे रहे हैं। एक अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत की तबीयत बिगड़ने के बाद आंदोलनकारियों में नाराजगी और बढ़ गई है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती में पद बढ़ाए जाने और रिक्त पदों को शामिल किए जाने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *