Connect with us

मध्य प्रदेश

दतिया में गणेश विसर्जन के दौरान DJ बजाने को लेकर दो पक्षों में हिंसक टकराव, 8 घायल; चाचा-भतीजा के पैर में लगी गोली

गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान तेज आवाज में बज रहे डीजे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि पहले लाठी-डंडे चले और फिर फायरिंग हो गई। गोली लगने से चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना में दोनों पक्षों के आठ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। मामला इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के मैथाना पाली गांव का है।

भैंसों के बिदकने की बात पर शुरू हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार बुधवार शाम चौकपुरा गांव के कुछ युवक गणेश प्रतिमा लेकर डीजे की तेज आवाज के साथ नदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मैथाना पाली निवासी वकील यादव और उनका भतीजा अजय यादव भैंस लेकर घर लौट रहे थे।

बताया गया कि तेज आवाज के कारण भैंसों के बिदकने की आशंका को देखते हुए चाचा-भतीजे ने युवकों से डीजे की आवाज कम करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।

कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, फिर हुई फायरिंग

कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान फायरिंग की गई। गोली लगने से वकील यादव और उनके भतीजे अजय यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है।

घटना के बाद घायलों को इंदरगढ़ अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दतिया जिला अस्पताल रेफर किया गया। गोली लगने से घायल चाचा-भतीजे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें आगे उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया।

इन लोगों पर फायरिंग का आरोप

घायल पक्ष के लोगों ने पुलिस को बताया कि मानवेंद्र उर्फ छुट्टी, रोहित, गजराज यादव, श्रीकांत यादव, हाकिम यादव, ऋषभ यादव और रघुराज यादव समेत अन्य लोगों ने फायरिंग की। स्वजन का आरोप है कि पहले मारपीट हुई और इसके बाद गोली चलाई गई, जिसमें अजय और वकील घायल हुए।

ग्रामीणों के मुताबिक, चौकपुरा गांव के लोगों ने खेरापति मंदिर के पास गणेश प्रतिमा स्थापित की थी। बुधवार को प्रतिमा विसर्जन के लिए जुलूस नदी की ओर जा रहा था। मैथाना पाली के पास दोनों पक्ष आमने-सामने आए और डीजे की आवाज को लेकर विवाद शुरू हो गया।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *