Connect with us

राज्य

शराब तस्करी में 3 दिन पहले जेल गई महिला बंदी की मौत, क्या मोतिहारी में सिस्टम ने बरती लापरवाही?

केंद्रीय कारा की एक महिला बंदी की मौत सोमवार को सदर अस्पताल में इलाज के दौरान हो गई। मृतका परवतिया देवी (48) पिपराकोठी थाना क्षेत्र के पंडितपुर गांव निवासी छबिला सहनी की पत्नी थी।

बताया जाता है कि 22 मई को पिपराकोठी पुलिस ने उसे 30 लीटर देसी शराब के साथ पकड़ा था। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा दिया गया था। सोमवार सुबह उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।

जेल अधीक्षक विजय कुमार अरोड़ा ने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर जेल के डाक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डाक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई।

उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि महिला बंदी की मौत की सूचना उसके स्वजनों को दे दी गई है। नगर थाने की भी बंदी की मौत से अवगत करा दिया गया है।

मधुबन । पुलिस ने पिछले सप्ताह बंजरिया गांव स्थित एक बांसवारी से अंग्रेजी शराब बरामदगी मामले में दो अंतरराज्यीय धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपितों में गड़हिया थाना क्षेत्र के सिरौली गांव निवासी मुन्ना कुशवाहा उर्फ मुन्ना और पकड़ीदयाल थाना क्षेत्र के मझार गांव निवासी नरेश कुशवाहा उर्फ नरेंद्र भगत शामिल हैं।

पुलिस इनका आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है। इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों बंजरिया निवासी विद्यानंद सहनी, शंभू सहनी एवं कृष्णानगर निवासी अनिरूद्ध पटेल को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपितों से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मुन्ना कुशवाहा एवं नरेश कुशवाहा को गिरफ्तार किया है।

जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह हरियाणा से ट्रक के जरिए शराब मंगाकर पूर्वी चंपारण के विभिन्न इलाकों में सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार, गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय है और संगठित तरीके से शराब तस्करी के नेटवर्क का संचालन करता है।

पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय ने बताया कि आरोपितों पर बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम समेत कई संगीन मामले पूर्व से दर्ज हैं।

विभिन्न थानों में शराब तस्करी से जुड़े कई कांडों में इनके खिलाफ आरोप पत्र भी समर्पित किए जा चुके हैं। छापेमारी में थानाध्यक्ष के साथ अपर थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार, गड़हिया थानाध्यक्ष आदित्य कुमार व पुलिस बल के जवान शामिल थे।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending