Connect with us

राज्य

दरभंगा में रिश्वतखोरी पर एसएसपी का डंडा, फिर भी नहीं सुधर रहा दारोगा का धंधा

दरभंगा पुलिस में रिश्वतखोरी और संदिग्ध कार्यशैली पर लगातार कार्रवाई के बावजूद हालात सुधरते नहीं दिख रहे हैं।

एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने चार दिनों के भीतर दो दारोगा को निलंबित कर सख्त संदेश देने की कोशिश की है। सिमरी थाना के दारोगा ज्योति कुमारी पर आरोपित को मदद पहुंचाने, जबकि एससी-एसटी थाना के दारोगा कृष्णदेव मरांडी पर पीड़ित से रुपये मांगने का आरोप सही पाया गया।

इसी आधार पर दोनों पर कार्रवाई की गई है। बावजूद, लगातार कार्रवाई और तीन दर्जन से अधिक निलंबन के बाद भी पुलिस महकमे में रिश्वत मांगने की शिकायतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं, जिससे विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।

जबकि खाकी वर्दी , सिर्फ पोशाक नहीं है। यह जिम्मेदारी, संयम और साहस की पहचान है। लेकिन, कुछ पुलिस पदाधिकारी इस सिद्धांत को भूल गए हैं। निर्दोषों ओर पीड़ितों पर दबंगई व शोषण करना ही शान समझते हैं।

ऐसे मानसिकता वालों पर एसएसपी का संदेश भी काम नहीं आ रहा है। इससे पुलिस की छवि ही नहीं बल्कि, वर्दी को शर्मसार कर रहा है। सकतपुर थाने में डायल 112 पर तैनात दारोगा रामाधार सिंह ने 26 फरवरी 2026 को 12 हजार रुपये लेकर पिकअप वैन पर लदी ऊंची आवाज वाली बाजा को छोड़ दिया था।

कार्रवाई का असर ना तो बेंता थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार पर पड़ा और ना ही कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष अंकित कुमार चौाधरी के साथ उनके थाने में तैनात मनोज कुमार शर्मा पर। जांच में तीनों दोषी पाए गए। लेकिन, सवाल है कि कितने लोग पुलिस के खिलाफ आवाज उठाने की हिम्मत रखेंगे।

बहेड़ा थाने के सिपाही सुशील कुमार को पांच फरवरी को ड्यूटी से गायब रहने और बिना सूचना के अनुपस्थित रहने के कारण निलंबित किया गया। मसलन, वरीय पदाधिकारी का खौफ निचले स्तर तक में भ नहीं दिख रहा है।

फेकला थानाध्यक्ष गौतम कुमार को बहादुरपुर थाना के एक मामले में पांच जनवरी को निलंबित किया गया था। कततौल सर्किल इंस्पेक्टर अभिषेक प्रताप सिंह, सहित बहादुरपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार को दिसबर 2025 में ड्यूटी में लापरवाही और एफआईआर में धाराओं के उचित प्रयोग न करना महंगा पड़ा था।

बहेड़ा थाना के दारोगा विजय यादव और बृजवासी सिंह को नवंबर 2025 में कर्तव्य का पालन नहीं करना महंगा पड़ा था। बिरौल थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह को नाबालिग अपहरण में प्राथमिकी दर्ज नहीं करने, बहेड़ा थाना के सहायक दारोगा लक्ष्मण कुमार को आवेदन लेने के नाम पर रुपये मांगने के आरोप में निलंबित किया गया।

मोरो थाना के दारोगा रौशन कुमार को दिसंबर 2025 में एक महिला होमगार्ड के साथ छेड़छाड़ करना महंगा पड़ था। विश्वविद्यालय एवं बहादुरपुर थाना के आठ महिला सिपाही को अक्टूबर 2025 में त्योहार के मौके पर ड्यूटी स्थल से गायब रहने के आरोप निलंबित किया गया था।

जुलाई 2025 में पतोर के थानाध्यक्ष को इस लिए निलंबित किया गया कि वे एसएसपी के निरीक्षण में भी वर्दी पहनना उचित नहीं समझा।

शराब धंधेबाजों से सांठ-गांठ , जब्त स्कूटी भी कर लिए गबन

आरोपित को मदद करने के आरोप में 22 मई 2025 को बहेड़ी थानाध्यक्ष वरुण कुमार गोस्वामी को पदमुक्त करते हुए बहेड़ा के तत्कालीन पुलिस अंचल निरीक्षक राज कुमार मंडल और बहेड़ी के अनुसंधानकर्ता दारोगा धर्मदेव सिंह पर तो विभागीय कार्रवाई तक शुरू हो गई।

सिमरी थाना के सहायक दारोगा अनिल कुमार तिवारी को छह हजार रुपये रिश्वत महंगा पड़ा।नौ अप्रैल 2025 को यातायात थानाध्यक्ष कुमार गौरव सहित दारोगा शशिभूषएा रजक को आरोपित चालक को छोड़ने और उसके जगह दूसरे को न्यायालय में प्रस्तुत करने का आरोप सत्य पाया गया।

दो मार्च 2025 को वाहन चेकिंग में जब्त स्कूटी के गबन में लहेरियासराय थाना के दारोगा ओमप्रकाश और महिला सिपाही रम्भा कुमारी को निलंबित कर आरोपित बना दिया गया।

मब्बी थानाध्यक्ष दीपक कुमार पर अपहरण की प्राथमिकी दर्ज नहीं करने को कार्रवाई हुई। विश्वविालय थाना के दारोगा अश्वनी कुमार के खिलाफ निर्दोष को हाजत में रख उसके जमीन को कब्जा कराने में विभागीय कार्रवाई का सामना करना पड़ा।

प्राथमिकी दर्ज नहीं करने के आरोप में कुशेश्वरस्थान के थानाध्यक्ष राकेश कुमार को पद से हटना पड़ा। 24 अक्टूबर 2024 को नगर थाना के प्रशिक्षु दारोगा नीरज कुमार और सिपाही निशांत कुमार के खिलाफ़ प्राथमिकी तक दर्ज की गई। दाेनों पर शराब धंधेबाजों से तीन लाख रुपये मांगने का आरोप सत्य पाया गया था।

13 नवंबर 2024 को फेकला थानाध्यक्ष पूजा कुमारी और दारोगा पन्नालाल सिंह को रिश्वत लेकर वारंटी को छोड़ने और 22 नवंबर 2024 को बाजितपुर थाने के दरोगा शशिभूषण रजक को पीड़ित पक्ष से रिश्वत मांगने की इंटरनेट मीडिया पर आडियो प्रसारित में, जबकि दो अप्रैल 2024 को सकतपुर थाने के दारोगा कृष्णदेव यादव को शराब धंधेबाजों से संबंध रखने में निलंबित होना पड़ा।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending