Connect with us

मध्य प्रदेश

MP में बनेगा अनोखा हाई-स्पीड एक्सप्रेस-वे: भोपाल से मंदसौर के मध्य 100 किमी घटेगी दूरी, राजस्थान को भी मिलेगा फायदा

मध्य प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को नई रफ्तार देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। राजधानी भोपाल को मंदसौर से जोड़ने के लिए नया एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेस-वे बनाया जाएगा। यह हाई-स्पीड फोरलेन मार्ग एरियल डिस्टेंस के आधार पर तैयार किया जाएगा, यानी सड़क को लगभग सीधी रेखा में इस तरह विकसित किया जाएगा कि यात्रा के दौरान मोड़, ट्रैफिक और भौगोलिक बाधाएं न्यूनतम रहें।

बढ़ेगी रफ्तार, घटेगी दूरी

प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे भोपाल से शुरू होकर सीहोर, शाजापुर, आगर और रतलाम जिले से गुजरते हुए मंदसौर के समीप ग्राम नयाखेड़ा तक पहुंचेगा। वर्तमान में भोपाल से मंदसौर तक पहुंचने के लिए करीब 350 किलोमीटर की यात्रा करनी पड़ती है, लेकिन नया मार्ग बनने के बाद यह दूरी घटकर लगभग 250 किलोमीटर रह जाएगी। यानी यात्रियों को करीब 100 किलोमीटर कम सफर करना होगा।

निर्बाध होगा सफर

यह एक्सेस कंट्रोल्ड एक्सप्रेस-वे जमीन से लगभग आठ से दस फीट ऊंचाई पर बनाया जाएगा। सड़क पर बेहद कम मोड़ होंगे और इसमें कहीं भी सीधे प्रवेश या कट की सुविधा नहीं रहेगी। किसी भी वाहन को बीच रास्ते से प्रवेश नहीं मिलेगा। गांवों और आबादी वाले क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही के लिए अंडरपास तैयार किए जाएंगे, जिससे हाईवे पर निर्बाध यातायात बना रहेगा और यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी।

सरकार की योजना इस एक्सप्रेस-वे को केवल सड़क परियोजना तक सीमित रखने की नहीं है। इसके दोनों ओर औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने की भी तैयारी है, जिससे पश्चिमी मध्य प्रदेश में उद्योग, व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को नया बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

सीएम ने दी स्वीकृति, जल्द शुरू होगा काम

मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की प्रक्रिया शुरू कर दी है और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष इस परियोजना का प्रस्तुतीकरण भी किया गया, जिस पर उन्होंने स्वीकृति देते हुए जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

राजस्थान के यात्रियों को भी मिलेगा लाभ

इस नए एक्सप्रेस-वे का लाभ केवल मध्य प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा। मंदसौर-नीमच क्षेत्र के साथ राजस्थान के प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, बांसवाड़ा और उदयपुर के यात्रियों को भी तेज और सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिल सकेगी। यात्रा समय और ईंधन की बचत के साथ यह परियोजना क्षेत्रीय आर्थिक विकास का नया आधार बन सकती है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending