Connect with us

राज्य

जदयू में ‘निशांत युग’ की शुरुआत: नीतीश कुमार के पुत्र संभालेंगे पार्टी की कमान, संजय झा ने किया एलान

जदयू की राष्ट्रीय और राज्य परिषद की बैठक में रविवार को तय हो गया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत ही पार्टी की कमान संभालेंगे।

पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा ने दोनों बैठकों में इसकी घोषणा की। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह, रामनाथ ठाकुर, प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, जदयू विधायक दल के नेता एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और मंत्री अशोक चौधरी ने भी अपने संबोधन में पार्टी की इस लाइन की पुष्टि की।

संजय झा ने कहा कि निशांत जदयू का नेतृत्व करने के लिए सक्षम हैं। स्वास्थ्य मंत्री के नाते वे अपनी क्षमता साबित भी कर रहे हैं। हम आशा करते हैं कि वे आने वाले 30-40 वर्षों तक पार्टी का नेतृत्व करेंगे।

नीतीश कुमार के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि जदयू के सदस्यों की संख्या एक करोड़ से अधिक हो गई है। आने वाले दिनों में यह और बढ़े, हम सबको इसका प्रयास करना होगा।

jdu meeting

संजय झा और दूसरे नेता जब अपने संबोधन में निशांत को जदयू का भविष्य बता रहे थे, बैठक में शामिल प्रतिनिधि ताली बजाकर उसका समर्थन कर रहे थे।

राष्ट्रीय परिषद की बैठक में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नीतीश कुमार और राज्य परिषद की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के पद पर उमेश सिंह कुशवाहा के निर्वाचन की पुष्टि की गई।

हम विश्वास पर खरे उतरेंगे: निशांत

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने उन पर विश्वास करने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे नेतृत्व और पार्टी के समर्थकों के विश्वास पर खरे उतरेंगे। नीतीश कुमार के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे। उन्होंने पार्टी की सदस्यता अभियान की सफलता को जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक बताते हुए कहा कि युवाओं को सम्मानजनक रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता तथा बुजुर्गों को सुरक्षित सामाजिक जीवन उपलब्ध कराना हमारी प्रतिबद्धता है।

jdu meeting

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में एक नए एवं सशक्त बिहार के निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाएं। नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में जदयू बिहार की नंबर एक पार्टी बनेगी।

विकसित बिहार के लक्ष्य को हासिल करेगी राज्य सरकार: नीतीश

जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चल रही राज्य सरकार की प्रशंसा की। पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में उन्होंने कहा आने वाले पांच वर्षों में विकसित बिहार का लक्ष्य हासिल हो जाएगा।

एक करोड़ लोगों को नौकरी और रोजगार देने के लक्ष्य को भी एनडीए की राज्य सरकार पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि सात निश्चय तीन के लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में भी राज्य सरकार सकारात्मक कदम उठा रही है।

राज्य के विकास में योगदान के लिए नीतीश ने केंद्र सरकार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका पहले की तरह रहेगा। राज्य में जहां कहीं से कार्यकर्ताओं का बुलावा आएगा, वे जाएंगे।

कार्यकारी अअध्यक्ष संजय झा ने कहा कि राज्य ही देश के दूसरे राज्यों से भी अगर नीतीश कुमार को सांगठनिक कार्यों के लिए बुलाया जाता है तो वे वहां भी जाएंगे।

नीतीश कुमार ने कहा कि न्याय के साथ विकास’ की लड़ाई लड़कर जदयू की जनता के दिलों में जगह बनी। वर्ष 2005 से पहले बिहार अनेक बदहाल था और पिछड़ेपन से जूझ रहा था, लेकिन 2005 के बाद सरकार बनने के बाद हमनें समाज के सभी वर्गों और क्षेत्रों के विकास के लिए ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया।

हर तबके को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया गया, जिसका परिणाम है कि पिछले दो दशकों से जनता का निरंतर आशीर्वाद और समर्थन प्राप्त होता रहा है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending