Connect with us

बिहार-झारखंड

दो महीने बाद पटना हाईकोर्ट को मिला नियमित मुख्य न्यायाधीश, कौन हैं नए चीफ जस्टिस वी. कामेश्वर राव?

 पटना हाईकोर्ट को करीब दो महीने के इंतजार के बाद नियमित मुख्य न्यायाधीश मिल गया है। केंद्र सरकार ने देश के विभिन्न हाईकोर्ट में आठ मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की घोषणा की है।

इसमें दिल्ली हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस वल्लूरी कामेश्वर राव को पटना हाईकोर्ट का नया मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने नियुक्तियों की जानकारी दी।

छह अगस्त 2026 को हुई कॉलेजियम की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी थी। नियुक्ति को राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद अब जस्टिस राव के शपथ ग्रहण की तारीख का औपचारिक एलान होना बाकी है।

जस्टिस वी. कामेश्वर राव पटना हाईकोर्ट के 49वें नियमित मुख्य न्यायाधीश होंगे। इससे पहले मुख्य न्यायाधीश मीनाक्षी मदन राय के 11 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त होने के बाद वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस सुधीर सिंह कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

अगस्त 2027 में सेवानिवृत्त होंगे जस्टिस राव

जस्टिस वल्लूरी कामेश्वर राव का जन्म 7 अगस्त 1965 को आंध्र प्रदेश के कोनसीमा जिले के पोन्नामंडा गांव से जुड़े परिवार में हुआ था। उनकी शिक्षा दिल्ली में हुई।

उन्होंने वर्ष 1987 में दिल्ली विश्वविद्यालय से भूगोल में बीए आनर्स की डिग्री हासिल की। इसके बाद 1990 में एलएलबी की पढ़ाई पूरी की।मार्च 1991 में दिल्ली बार काउंसिल में पंजीकरण कराने के बाद उन्होंने वकालत शुरू की।

करीब दो दशक तक उन्होंने सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाईकोर्ट और केंद्रीय प्रशासनिक अधिकरण (कैट) में विभिन्न मामलों की पैरवी की। सेवा संबंधी मामलों, श्रम कानून, संवैधानिक एवं प्रशासनिक कानून और मध्यस्थता से जुड़े मामलों में उनकी विशेष विशेषज्ञता रही है।

वर्ष 2010 में उन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता बनाया गया। 17 अप्रैल 2013 को जस्टिस राव दिल्ली हाईकोर्ट के अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त हुए। 18 मार्च 2015 को उन्हें स्थायी न्यायाधीश बनाया गया।

वर्ष 2024 में उनका तबादला कर्नाटक हाईकोर्ट किया गया। वहां उन्होंने मई 2025 में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी भी संभाली। जुलाई 2025 में वह दोबारा दिल्ली हाईकोर्ट लौटे।

अब उन्हें पटना हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, जस्टिस राव अगस्त 2027 में सेवानिवृत्त होंगे।

सेवा और श्रम कानून के मामलों में लंबा अनुभव

जस्टिस वी. कामेश्वर राव के न्यायिक करियर की खास बात सेवा और श्रम कानून से जुड़े मामलों में उनका लंबा अनुभव रहा है। पटना हाईकोर्ट में सरकारी नियुक्तियों, कर्मचारियों से जुड़े विवादों और सेवा मामलों की बड़ी संख्या को देखते हुए उनके इस अनुभव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *