Connect with us

राज्य

नौतपा में मौसम ने ली करवट, बैतूल में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश-ओलावृष्टि; गर्मी से मिली राहत

नौतपा के आठवें दिन बैतूल में मौसम ने अचानक यू-टर्न लिया और तपती धरती पर राहत की फुहारें बरस पड़ीं। सुबह तक तेज धूप और उमस से बेहाल लोग दोपहर होते-होते बदलते मौसम के गवाह बने। करीब दो बजे आसमान पर घने बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने पूरे जिले का मौसम सुहावना कर दिया। कई इलाकों में चने से बड़े ओले भी गिरे, जिससे गर्मी का असर एकाएक कम हो गया।

बैतूल शहर के अलावा बड़ोरा, बैतूल बाजार, भरकावाड़ी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बारिश से पहले चली तेज हवाओं ने सड़कों पर धूल का गुबार उड़ा दिया, लेकिन कुछ ही देर में बरसात ने वातावरण को साफ और ठंडा कर दिया। अचानक मौसम बदलने से बाजारों और सड़कों पर मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा।

बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि ने भी लोगों का ध्यान खींचा। कई क्षेत्रों में अल्प समय के लिए चने से बड़े आकार के ओले गिरे, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। शाम तक ठंडी हवाएं चलती रहीं और लोगों ने लंबे समय बाद राहत भरे मौसम का आनंद लिया।

betul rain 21541

किसानों को राहत

प्री-मानसून की यह बारिश किसानों के लिए भी राहत लेकर आई है। खरीफ सीजन की तैयारियों में जुटे किसान लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे थे। खेतों में पर्याप्त नमी नहीं होने के कारण कई कृषि कार्य प्रभावित हो रहे थे, लेकिन सोमवार की बारिश ने जमीन में नमी बढ़ाकर किसानों की चिंता काफी हद तक कम कर दी है।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, इस बारिश से गन्ना फसल को तत्काल सिंचाई की आवश्यकता नहीं रहेगी, वहीं सोयाबीन, मक्का और अन्य खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारियों को भी गति मिलेगी। किसान अब खेतों की अंतिम तैयारियों में जुटने लगे हैं।

लुढ़का पारा

उधर, बारिश के बाद तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। पिछले कई दिनों से नौतपा की भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्री-मानसून गतिविधियों के असर से आने वाले दिनों में भी जिले के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending