बिहार-झारखंड
शूटरों की पहचान हुई, स्मैक नेटवर्क से जुड़े तार; भागलपुर में भाजपा नेता हत्याकांड पर SSP का बड़ा बयान, कृष्णा कहां है!
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bhagalpur BJP Leader Murder: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के श्रीनारायण साह मंडल के अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग रहे दोनों शूटरों की गतिविधियां इलाके में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में पूरी तरह कैद हो गई हैं। 11 सितंबर की सुबह करीब 10 बजे बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतूबगंज कुम्हार टोली के पास बाइक सवार दो अपराधियों ने उमा भूषण तांती को गोलियों से भून दिया था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने शुक्रवार की देर रात खुद घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से मुआयना किया और परिजनों से मिलकर महादेव तालाब, काली मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पद और राजनीतिक रंजिश से जुड़े तमाम बिंदुओं पर जानकारी ली। एसएसपी ने विशेष जांच दल (SIT) को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिले भर में अलग-अलग पुलिस टीमों द्वारा ताबड़तोड़ छापेमारी की जाए।
-
बबरगंज थाना क्षेत्र के कुतूबगंज कुम्हार टोली में भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की हत्या कर भाग रहे शूटर सीसीटीवी में कैद
-
एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने घटनास्थल की जांच कर एसआईटी (SIT) को दिए कड़े निर्देश; दोनों शूटरों की पहचान की पुष्टि, जल्द गिरफ्तारी का दावा
-
पूर्व पार्षद सह पूर्व मंडल अध्यक्ष शशि मोदी के नामजद भांजे कृष्णा मोदी उर्फ किशन और चौधरीडीह के शूटर पर गहराया स्थानीय लोगों का शक
-
बरारी श्मशान घाट पर गमगीन माहौल में हुआ अंतिम संस्कार; बेटे प्रिंस ने दी मुखाग्नि, विधायक रोहित पांडेय समेत सैकड़ों लोग रहे मौजूद
एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कैद दोनों शूटरों की स्पष्ट पहचान कर ली गई है। तकनीकी सेल और एसआईटी वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर बहुत तेजी से काम कर रही है और दोनों शूटरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अगर इस जघन्य हत्याकांड के पीछे किसी अन्य व्यक्ति या साजिशकर्ता की संलिप्तता के साक्ष्य मिलते हैं, तो उनके खिलाफ भी उतनी ही कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सटीक रेकी के बाद घात लगाकर बैठे थे अपराधी
घटनाक्रम की जांच में यह बात सामने आ रही है कि शूटरों को उमा भूषण तांती के आने-जाने के हर एक पल और रास्ते की सटीक जानकारी थी। परिजनों के मुताबिक, सुबह घर से निकलने के बाद उमा भूषण कुछ देर आसपास ही रुके थे और फिर अचानक अपने भतीजे अंकित के साथ बाइक से महादेव तालाब-रामनगर कालोनी वाले रास्ते से कहीं जाने के लिए निकले। जिस स्थान पर यह घटना घटी, वहां से आगे तीन अलग-अलग रास्ते निकलते हैं।
शूटरों को पहले से पक्की खबर थी कि वे इसी रास्ते से गुजरेंगे, लिहाजा कुम्हार टोली के समीप पूर्व से घात लगाए बाइक सवार शूटरों ने उन्हें देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और मोबाइल डंप डेटा के जरिए यह पता लगा रही है कि कहीं घर के आसपास से ही किसी ने शूटरों को उनकी लोकेशन तो नहीं दी थी।
पूर्व पार्षद के भांजे और चौधरीडीह के अपराधी की चर्चा तेज
इधर, हत्याकांड में नामजद पूर्व पार्षद व पूर्व मंडल अध्यक्ष शशि मोदी के भांजे कृष्णा मोदी उर्फ किशन को लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हैं। कुम्हार टोली के स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के वक्त बाइक पर कृष्णा के साथ पीछे बैठा दूसरा अपराधी चौधरीडीह इलाके का रहने वाला हो सकता है।
जानकारों का कहना है कि स्मैक और ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री व भंडारण को लेकर सिकंदरपुर, मिरजान, कुतूबगंज, चौधरीडीह, कोहड़ा, शहबाज नगर, मुल्लाचक, सकरुल्लाचक, मोगलपुरा और अलीगंज जैसे इलाकों में असामाजिक तत्वों की लगातार आवाजाही रहती है। इन इलाकों में अक्सर कृष्णा को अपने साथियों के साथ बाइक पर घूमते देखा जाता था, जिसे लेकर पुलिस अब इस नेटवर्क की भी गहन पड़ताल कर रही है।
बेटे प्रिंस ने दी मुखाग्नि, नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई
मृत भाजपा नेता उमा भूषण तांती का पार्थिव शरीर शनिवार को बरारी स्थित गंगा श्मशान घाट ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अंतिम यात्रा में परिजनों के अलावा दक्षिणी क्षेत्र के नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा। जब मृतक के बेटे प्रिंस ने कांपते हाथों से पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी, तो वहां उपस्थित हर व्यक्ति की आंखें भर आईं।
अंतिम संस्कार में भागलपुर के नगर विधायक रोहित पांडेय, भाजपा के तमाम पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और भारी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए और पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाया।
-
देश8 months ago‘न्याय के साथ विकास’ से ‘Ease of Living’ तक: बिहार को विकसित राज्यों की अग्रिम पंक्ति में लाने का संकल्प – मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
-
देश8 months ago2027 चुनाव से पहले पंजाब सीएम भगवंत मान का बड़ा राजनीतिक दांव
-
विदेश8 months agoफर्जी डिग्री रैकेट पर ऑस्ट्रेलिया में हंगामा, भारतीय कार्रवाई का हवाला देकर सीनेटर मैल्कम रॉबर्ट्स ने छात्र वीज़ा सिस्टम पर उठाए सवाल
-
उत्तर प्रदेश8 months agoपूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर की जेल में बिगड़ी तबीयत, देवरिया से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
-
बिहार-झारखंड8 months agoखाद कालाबाजारी पर बिहार सरकार का सख्त एक्शन, ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू: कृषि मंत्री
-
देश8 months agoराष्ट्रपति द्रौपादी मुर्मु का अमृतसर साहिब में भव्य स्वागत, CM भगवंत मान ने सिख मर्यादा व संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश
-
पंजाब8 months agoमीडिया पर दबाव के आरोप, पंजाब की राजनीति में बढ़ा विवाद
-
दिल्ली8 months agoपंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज अमित शाह से करेंगे मुलाकात, अहम मुद्दों पर होगी चर्चा



