Connect with us

राज्य

24 घंटे में पलटा फैसला : भोपाल में होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट का फूड लाइसेंस बहाल, FSSAI ने दी चेतावनी

राजधानी के प्रतिष्ठित कोर्टयार्ड बाय मैरियट होटल का खाद्य सुरक्षा लाइसेंस निलंबित होने के महज 24 घंटे के भीतर बहाल कर दिया गया। होटल परिसर में कथित रूप से जीवित चूहा देखे जाने की शिकायत और निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां मिलने पर भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने होटल का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। हालांकि होटल प्रबंधन द्वारा त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई कर विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने के बाद निलंबन वापस ले लिया गया है।

जानकारी के अनुसार, छह जून को मध्य प्रदेश खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एमपीएफडीए) को होटल परिसर में चूहा दिखाई देने की शिकायत मिली थी। शिकायत मिलते ही राज्य खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की टीम ने होटल का निरीक्षण किया। इसके बाद सात जून को एफएसएसएआई के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय, मुंबई की टीम ने भी होटल परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों से जुड़ी कई गंभीर कमियां मिलीं।

जांच में ये कमियां मिली थीं

जांच में कच्चा माल प्राप्त करने वाले क्षेत्र में ढीला और ठीक से बंद नहीं होने वाला दरवाजा पाया गया। वहीं कोल्ड स्टोरेज में खराब एवं सड़ी हुई सब्जियां रखी मिलीं। ड्राई स्टोरेज क्षेत्र में दीवारों का पेंट उखड़ा हुआ था, जबकि रसोई के कुछ हिस्सों में काकरोच की मौजूदगी भी सामने आई।

हालांकि निरीक्षण के समय किसी प्रकार की चूहों की गतिविधि नहीं देखी गई, लेकिन कीट नियंत्रण से जुड़े रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच में चूहों और छिपकलियों की मौजूदगी संबंधी बार-बार की गई टिप्पणियां दर्ज मिलीं।

इसलिए हुआ था लाइसेंस निलंबित

इन कमियों को सार्वजनिक स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा के लिए गंभीर मानते हुए एफएसएसएआई ने होटल का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। साथ ही होटल प्रबंधन को सभी खामियां दूर कर खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।

होटल प्रबंधन ने कार्रवाई के बाद किया सुधार

होटल प्रबंधन ने कार्रवाई के बाद सुधारात्मक और निवारक उपाय किए हैं। होटल ने 157 पेजों की विस्तृत अनुपालन रिपोर्ट एफएसएसएआई को सौंपते हुए बताया कि कच्चे माल की प्राप्ति वाले क्षेत्र में नए उपयुक्त दरवाजे लगाए गए हैं, दरवाजों की क्लोजिंग व्यवस्था मजबूत की गई है और कीटों और कृंतकों के प्रवेश को रोकने के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा रसोई, भंडारण कक्ष और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक सफाई एवं सैनिटाइजेशन अभियान चलाया गया है।

चेतावनी के साथ लाइसेंस किया है बहाल

एफएसएसएआई ने प्रस्तुत दस्तावेजों और साक्ष्यों की समीक्षा के बाद सुधारात्मक कदमों को संतोषजनक पाया। इसके बाद होटल का खाद्य लाइसेंस बहाल कर दिया गया। हालांकि प्रबंधन को भविष्य में खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और लागू किए गए सुधारात्मक उपायों को निरंतर बनाए रखने की चेतावनी भी दी गई है।

होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट में गड़बड़ियों की सूचना मिलने पर एफएसएसएआई की टीमों ने निरीक्षण करने के बाद लाइसेंस निलंबित कर दिया था। इसके बाद होटल प्रबंधन ने व्यवस्थाओं में सुधार कर 157 पेजों की रिपोर्ट सौंपी है, जिसके बाद खाद्य लाइसेंस बहाल किया गया है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *