Connect with us

राज्य

इंजीनियर के ठिकानों पर निगरानी का छापा, तीन करोड़ की 17 जमीन-मकान और 19.53 लाख के गहने मिले

आय से अधिक संपत्ति के मामले में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पथ निर्माण विभाग के खगड़िया प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार के तीन ठिकानों पर छापेमारी की।

शुक्रवार को पटना, बिहारशरीफ और खगड़िया में हुई तलाशी के दौरान करीब तीन करोड़ 16 लाख रुपये मूल्य की 17 जमीन और मकान से संबंधित जानकारी सामने आई।

1.88 करोड़ की 13 अचल संपत्तियों का मिला ब्योरा

निगरानी के अनुसार, प्राथमिकी में एक करोड़ 88 लाख रुपये मूल्य की 13 अचल संपत्तियों का उल्लेख किया गया है।

इसके अलावा बिहारशरीफ में तीन मंजिला आवासीय भवन की जानकारी भी तलाशी के दौरान मिली है। संपत्तियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

तीन जमीनों के एग्रीमेंट, 1.28 करोड़ का सौदा

तलाशी के दौरान तीन जमीनों के एग्रीमेंट से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। इनकी कुल कीमत एक करोड़ 28 लाख 66 हजार 277 रुपये बताई गई है।

निगरानी के अनुसार, इन संपत्तियों के लिए 20 लाख रुपये एडवांस भुगतान किया जा चुका है।

पटना से खगड़िया तक तीन ठिकानों पर पहुंची टीम

निगरानी टीम ने पटना के पटेलनगर स्थित अनिकेत प्रमिला अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 110, बिहारशरीफ के सोहसराय थाना क्षेत्र के मोगलकुआं स्थित पैतृक घर और खगड़िया स्थित आवास की तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान संपत्ति और निवेश से जुड़े दस्तावेज खंगाले गए।

नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण बरामद

छापेमारी के दौरान एक लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा 18 लाख 85 हजार रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और 68 हजार रुपये से अधिक कीमत के चांदी के आभूषण भी मिले हैं। निगरानी टीम बरामद सामान और दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है।

एक करोड़ एक लाख की आय से अधिक संपत्ति का केस

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, इंजीनियर संजय कुमार के खिलाफ एक करोड़ एक लाख रुपये की आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। यह उनकी कुल ज्ञात आय से करीब 61 प्रतिशत अधिक बताई गई है।

सत्यापन के बाद बढ़ सकती है संपत्ति की रकम

निगरानी के मुताबिक अभी सामने आई संपत्तियों और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। अचल संपत्तियों के मूल्य और अन्य दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद आय से अधिक संपत्ति की कुल रकम में वृद्धि होने की संभावना है।

  • 1.01 करोड़ रुपये आय से अधिक संपत्ति का कांड दर्ज
  • 1.88 करोड़ की 13 अचल संपत्ति मिली, बिहारशरीफ में मकान
  • 1.28 करोड़ के तीन जमीन एग्रीमेंट के दस्तावेज मिले
  • 1.29 लाख रुपया नकद बरामद
  • 18.85 लाख के सोने के गहने मिले
  • 68 हजार के चांदी के आभूषण मिले

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *