Connect with us

राज्य

हाजीपुर: गरीब रथ से बरामद शराब गायब करने के मामले में GRP हवलदार और महिला होमगार्ड गिरफ्तार, CCTV से खुला राज

एस्कॉर्ट ड्यूटी के दौरान ट्रेन से बरामद अंग्रेजी शराब को छुपाने के मामले में जीआरपी ने अपने ही हवलदार और महिला होमगार्ड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

जीआरपी हाजीपुर थाने में हवलदार नरेंद्र कुमार सिंह और महिला होमगार्ड अर्चना कुमारी समेत दो अज्ञात के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि पांच बैग में करीब 27 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई है।

शराब से भरे बैग हाजीपुर जंक्शन पर उतारे

जानकारी के अनुसार हवलदार नरेंद्र कुमार सिंह और महिला होमगार्ड अर्चना कुमारी की ड्यूटी अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12204) में छपरा से हाजीपुर एस्कॉर्ट के लिए लगाई गई थी। एस्कॉर्ट के दौरान दोनों ने छपरा में ट्रेन से अंग्रेजी शराब बरामद की।

ट्रेन से शराब से भरे बैग हाजीपुर जंक्शन पर उतारे भी गए, लेकिन इसकी सूचना जीआरपी थानाध्यक्ष को नहीं दी गई और शराब को कहीं छुपा दिया गया। शक होने पर जीआरपी थानाध्यक्ष द्वारा पूछताछ की गई और स्टेशन का सीसीटीवी फुटेज खंगाला गया।

कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों ने सच कबूला। उनकी निशानदेही पर बताए गए स्थान से 4 बैग में रखी अंग्रेजी शराब बरामद की गई। बरामद अंग्रेजी शराब 24 पीस रॉयल स्टैग, 12 पीस ऑफिसर चॉइस प्रत्येक 750 एमएल 27 लीटर बताया गया है।

एक साल बाद होने वाले थे रिटायर

गिरफ्तार हवलदार नरेंद्र कुमार सिंह दरियापुर थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी स्व. जलेश्वर सिंह के पुत्र बताए गए हैं। वे करीब दो साल से जीआरपी हाजीपुर थाने में पदस्थापित थे और एक साल बाद सेवानिवृत्त होने वाले थे।

वहीं महिला होमगार्ड अर्चना कुमारी (24) मुजफ्फरपुर जिले के पारू थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव निवासी विजय कुमार की पत्नी हैं और एक साल से जीआरपी में तैनात थीं। जानकारी के अनुसार शराब बरामद करने के दौरान इसका वीडियो बना लिया गया और इसकी सूचना संबंधित वरीय अधिकारी को दी गई। अधिकारियों के द्वारा इसकी सूचना संबंधित थाना अध्यक्ष को दी गई उसके बाद यह कार्रवाई की गई।

प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी

इस संबंध में जीआरपी थानाध्यक्ष योगेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों के द्वारा एस्कॉर्ट के दौरान ट्रेन से शराब बरामद कर हाजीपुर लाई गई थी, लेकिन जानकारी छुपाई गई। निशानदेही पर शराब बरामद कर दोनों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में दो अन्य अज्ञात के विरुद्ध भी प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *