Connect with us

राज्य

Muzaffarpur News : अस्पताल में कहां क्या हो रहा, कैमरों से होगी निगरानी, मरीजों की सुविधाओं पर भी नजर

मातृ शिशु अस्पताल (एमसीएच) में अब कौन मरीज एंबुलेंस से पहुंच रहा है और कौन निजी वाहन से, परिसर में कहां कितनी गतिविधियां हो रही हैं, इन सब पर नजर रखी जाएगी।

अस्पताल की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए निगरानी का दायरा बढ़ाया जा रहा है। परिसर के अंदर और बाहर कुल 30 सीसी कैमरे लगाए जाएंगे।

इसके साथ ही गर्मी और उमस से परेशान मरीजों व उनके स्वजन को राहत देने के लिए 70 नए पंखे लगाए जाएंगे। अस्पताल में सुविधाओं की कमी की शिकायतों के बाद प्रबंधन ने सुधार की पहल तेज कर दी है।

परिसर के चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर

एमसीएच परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था की निगरानी के लिए 30 सीसी कैमरे लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से अस्पताल के अंदर और बाहर की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। मरीजों के आने के लिए इस्तेमाल होने वाले वाहनों की भी निगरानी होगी। बिल्डिंग में पहले से खराब पड़े सीसी कैमरों को बदल दिया गया है।

दो कार्यालयों से होगी मानीटरिंग

सीसी कैमरों का नियंत्रण कक्ष सिविल सर्जन कार्यालय और जिला कार्यक्रम प्रबंधक कार्यालय में रहेगा। यहां से नियमित रूप से निगरानी की जाएगी। इसके आधार पर अस्पताल में चल रहे कार्यों और व्यवस्थाओं का मूल्यांकन भी किया जाएगा।

70 नए पंखों का दिया गया आर्डर

एमसीएच में मरीजों और उनके स्वजन की भीड़ के कारण उमस बढ़ जाती है। खराब पंखों की वजह से लोगों को परेशानी होती है। पिछले दिनों अधिकारियों और जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान भी कई पंखे खराब मिले थे। इसके बाद प्रबंधन ने 70 नए पंखों के लिए आर्डर दिया है।

डाक्टर रूम और फीमेल ओटी में लगेंगे एसी

अस्पताल में दो नए एसी भी लगाए जाएंगे। इनमें एक डाक्टर ड्यूटी रूम और दूसरा फीमेल ओटी में लगाया जाएगा। इन व्यवस्थाओं से मरीजों, डाक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को बेहतर माहौल मिलने की उम्मीद है। अब इन सुविधाओं को समय पर चालू करना प्रबंधन के लिए अहम होगा।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *