Connect with us

खेल

क्रिकेट का ओलंपिक क्वालीफिकेशन: भारतीय महिला टीम ने महाद्वीपीय लीडर के रूप में क्वालीफाई किया

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मौजूदा टी20 विश्व कप में शीर्ष पर रहने वाली एशियाई टीम के रूप में 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई किया है जबकि पुरुष टीम को सीधे जगह बनाने के लिए इस साल के अंत में विश्व रैंकिंग में महाद्वीपीय शीर्ष पर रहना होगा।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को क्वालीफिकेशन मानदंड का खुलासा किया। क्रिकेट एक सदी के बाद ओलंपिक में वापसी कर रहा है और इसमें पुरुष और महिला प्रतियोगिताओं में छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी।

आईसीसी ने कहा, ”ऑस्ट्रेलिया, ग्रेट ब्रिटेन (इंग्लैंड के माध्यम से), भारत और दक्षिण अफ्रीका ने मौजूदा आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में क्रमश: ओसियानिया, यूरोप, एशिया और अफ्रीका की सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीमों के रूप में रहने के बाद छह टीमों की महिला प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।

“… मौजूदा वनडे विश्व चैंपियन भारत ने टी20 विश्व कप अभियान उम्मीद से पहले समाप्त होने के बावजूद एशिया का कोटा हासिल किया।

भारतीय टीम रविवार को अपने अंतिम ग्रुप मैच में ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद सेमीफाइनल से चूक गई थी।

वेस्टइंडीज भी ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका की तरह महिला विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंचकर शीर्ष चार में शामिल हो गई थी। हालांकि कई कैरेबियाई देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले आईसीसी के संयुक्त सदस्य होने के नाते और आईओसी एनओसी के रूप में मान्यता प्राप्त नहीं होने के कारण वह ओलंपिक खेलों में भाग लेने या एक इकाई के रूप में कोटा स्थान हासिल करने के लिए अयोग्य है।

वेस्टइंडीज में एंटीगा और बारबुडा, बारबाडोस, ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड्स, डोमिनिका, ग्रेनेडा, गुयाना, जमैका, सेंट किट्स एंड नेविस, सेंट लूसिया, सेंट विंसेंट एंड ग्रेनेडाइंस, त्रिनिदाद एंड टोबैगो और यूएस वर्जिन आइलैंड्स के एनओसी शामिल हैं, जो आईसीसी टूर्नामेंटों में व्यक्तिगत रूप से प्रतिस्पर्धा नहीं करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘चूंकि टीम आईओसी से मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (एनओसी) के बजाय कई कैरेबियाई देशों का प्रतिनिधित्व करती है, इसलिए यह सीधे ओलंपिक खेलों में भाग नहीं ले सकती है।

आईसीसी ने कहा, ‘अगर वेस्टइंडीज 2026 के अंत तक पहले से ही क्वालीफाई नहीं कर पाने वाली शीर्ष रैंकिंग वाली टीमों में शामिल हो जाती है, तो आईसीसी एक समर्पित कैरेबियाई क्वालीफायर का आयोजन करेगा ताकि यह तय किया जा सके कि कौन सी एनओसी आईसीसी ओलंपिक क्वालीफायर के लिए आगे बढ़ेगी।

पुरुषों के लिए प्रक्रिया विभिन्न महाद्वीपों से चार शुरुआती कोटा स्लॉट को फ़िल्टर करने के लिए रैंकिंग पर निर्भर करती है।

आईसीसी ने कहा, ”ये आईसीसी पुरुष टी20 टीम रैंकिंग से लिए गए महाद्वीपीय स्तर पर सर्वोच्च रैंकिंग वाले एनओसी (यानी विभिन्न महाद्वीपों के शीर्ष रैंकिंग वाले एनओसी) को आवंटित किए जाएंगे, जिसके परिणामस्वरूप कुल चार टीमें होंगी।

कट-ऑफ डेट 31 दिसंबर, 2026 रखी गई है।

मेजबान देश अमेरिका को पुरुष और महिला वर्ग में एक-एक कोटा स्थान इस आधार पर दिया जाता है कि वे क्वालीफिकेशन अवधि के दौरान रैंकिंग में 15 या उससे बेहतर रैंकिंग पर आने के आईसीसी मानदंडों को पूरा करते हैं। इसके अलावा, फाइनल ओलंपिक ग्लोबल क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट (एफओजीक्यूटी) दोनों लिंगों के लिए अलग-अलग आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए तारीखों को अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।

रैंकिंग के आधार पर अभी तक क्वालीफाई नहीं करने वाली अगली आठ शीर्ष रैंकिंग वाली टीमें पुरुष और महिला वर्ग में एक-एक स्थान के लिए भिड़ेंगी।

महाद्वीपीय प्रतिनिधित्व पर कोई अधिकतम सीमा अंतिम क्वालीफायर पर लागू नहीं होती है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के चेयरमैन जय शाह ने कहा कि क्वालीफिकेशन मार्ग की घोषणा महत्वपूर्ण मील का पत्थर है क्योंकि खेल एक सदी के बाद ओलंपिक में वापसी कर रहा है और यह क्रिकेट खेलने वाले देशों के लिए दुनिया के सामने खेल को दिखाने का शानदार मौका होगा।

शाह ने कहा, “इस क्वालीफिकेशन मार्ग की पुष्टि लॉस एंजिल्स 2028 की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और दुनिया भर के सदस्यों को ओलंपिक चरण के लिए एक स्पष्ट और रोमांचक मार्ग प्रदान करता है।

उन्होंने कहा, ‘ओलंपिक खेल बहु-प्रतियोगिता वाले खेलों के शिखर का प्रतिनिधित्व करते हैं और एलए 28 में क्रिकेट को शामिल करने से हर क्षेत्र में खिलाड़ियों और प्रशंसकों को प्रेरणा मिलेगी। यह एक ऐतिहासिक क्षण है, और हमारे सदस्यों के लिए एक महान अवसर है, क्योंकि हम खेल को आगे बढ़ाना जारी रखते हैं और इसे दुनिया भर के नए दर्शकों तक ले जा रहे हैं।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *