Connect with us

पंजाब

जिले में अब तक 2800 पंजीकरण; डीसी ने अंडर-14 से 70+ आयु वर्ग तक के खेल प्रेमियों से भाग लेने की अपील की

डिप्टी कमिश्नर श्रीमती कोमल मित्तल और विधायक डेराबस्सी स. कुलजीत सिंह रंधावा ने आज जिला प्रशासनिक कॉम्प्लेक्स, साहिबजादा अजीत सिंह नगर में मीडिया ब्रीफिंग के दौरान जिले में ‘खेलां वतन पंजाब दियां–सीजन 4’ के मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया।

जारी शेड्यूल के अनुसार ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताएं 12 से 14 सितंबर, जिला स्तर की प्रतियोगिताएं 20 से 30 सितंबर तथा राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं 10 अक्टूबर से 23 नवंबर तक आयोजित की जाएंगी। राज्य स्तर पर चार पैरा-स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ के इतिहास में पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट को प्रतियोगिताओं में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला और राज्य स्तर पर टेनिस बॉल क्रिकेट में लड़कियों की टीमें भी भाग ले सकेंगी।

विधायक डेराबस्सी स. कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि भगवंत सिंह मान सरकार ने ‘खेलां वतन पंजाब दियां’ के माध्यम से पंजाब के युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के लिए एक मजबूत मंच प्रदान किया है, जिससे युवाओं को नशे से दूर रखने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा 3100 ग्रामीण खेल मैदान विकसित करने की महत्वपूर्ण पहल की गई है, जिनमें से लगभग 1000 खेल मैदान पंजाब के युवाओं को समर्पित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इन ग्रामीण खेल स्टेडियमों में फ्लड लाइट्स सहित आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे राज्य में खेल विकास के एक नए युग की शुरुआत होगी।

ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन स्थल

डेराबस्सी ब्लॉक:
एथलेटिक्स, फुटबॉल और वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं सरकारी कॉलेज डेराबस्सी में, कबड्डी और खो-खो स्पोर्ट्स स्टेडियम लालड़ू में तथा टेनिस बॉल क्रिकेट सुखमनी इंटरनेशनल स्कूल डेराबस्सी में आयोजित की जाएगी।

माजरी ब्लॉक:
एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल और कबड्डी के मुकाबले स्पोर्ट्स स्टेडियम, सिंहपुरा रोड, कुराली तथा मुख्यमंत्री खेल मैदान झिंगड़ा में आयोजित किए जाएंगे। खो-खो खालसा स्कूल कुराली में और टेनिस बॉल क्रिकेट चकवाल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कुराली में आयोजित होगी।

मोहाली ब्लॉक:
एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिताएं शहीद मेजर हरमिंदर पाल सिंह सरकारी कॉलेज, फेज-6, मोहाली में आयोजित की जाएंगी। वॉलीबॉल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स सेक्टर-63 तथा मुख्यमंत्री खेल मैदान मानक माजरा में, जबकि टेनिस बॉल क्रिकेट यदविंदरा पब्लिक स्कूल, मोहाली में आयोजित होगी।

खरड़ ब्लॉक:
एथलेटिक्स, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कबड्डी और खो-खो प्रतियोगिताएं शहीद काशी राम कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन, भागोमाजरा में आयोजित की जाएंगी। वॉलीबॉल मुख्यमंत्री खेल मैदान कालेवाल में आयोजित होगी, जबकि टेनिस बॉल क्रिकेट खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खरड़ में करवाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तर पर 8, जिला स्तर पर 29 और राज्य स्तर पर 38 खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। राज्य स्तर पर एथलेटिक्स, बैडमिंटन, पावरलिफ्टिंग और व्हीलचेयर बास्केटबॉल सहित चार पैरा-स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएं भी शामिल हैं।

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि अंडर-14 से लेकर 70+ आयु वर्ग तक के खिलाड़ी और खेल प्रेमी इन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। पंजीकरण पंजाब खेल विभाग के निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है। जरूरत पड़ने पर स्टेडियमों में ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिला साहिबजादा अजीत सिंह नगर में अब तक लगभग 2800 पंजीकरण हो चुके हैं।

विधायक स. कुलजीत सिंह रंधावा ने सभी पात्र खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेलों, युवाओं के सशक्तिकरण और खेल बुनियादी ढांचे के विकास के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयास ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी श्रीमती उमेश्वरी शर्मा तथा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *