Connect with us

राज्य

पटना में गंगा स्नान के दौरान 3 किशोर डूबे, एक का शव बरामद; दो लापता, SDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

थाना क्षेत्र के आद‍िलपुर घाट पर रविवार को बड़ा हादसा हो गया। गंगा नदी में स्‍नान के दौरान तीन छात्र डूब गए।

इनमें से एक का शव बरामद किया गया है। दो का पता नहीं चल सका है। घटना से कोहराम मच गया है। एसडीआरएफ की टीम नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

इनमें से रत्‍नेश सिंह के पुत्र सुंदरम का शव बरामद किया गया है। वहीं जितेंद्र सिंह के पुत्र अंकुश कुमार एवं राजीव कुमार के बेटे रौनक कुमार लापता हैं।

गंगा स्‍नान के लिए गए थे छह-सात लड़के

बताया जाता है क‍ि जगमाल बीघा गांव के छह-सात दोस्त रविवार सुबह करीब 9:30 बजे आदिलपुर घाट पर गंगा स्नान करने पहुंचे थे।

स्नान के दौरान तीन किशोर गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इनमें अंकुश कुमार को डूबता देख उसके दोस्त रौनक कुमार और सुंदरम कुमार ने उसे बचाने का प्रयास क‍िया।

इस क्रम में वे दोनों भी नदी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही घाट पर ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जुट गई। सूचना पर थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह और अंचल अधिकारी घाट पहुंचे तथा खोजबीन शुरू कराई।

पुलिस की सूचना पर एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची और गहरे पानी में सर्च ऑपरेशन चलाया। लेक‍िन गंगा की तेज धारा में दो क‍िशोरों का पता नहीं चल सका।

बिना पर्याप्‍त इंधन के पहुंची एसडीआरएफ की टीम

ग्रामीणों ने पुलिस और एसडीआरएफ के पहुंचने में देरी का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई। उनका आरोप था कि एसडीआरएफ टीम कथित तौर पर पर्याप्त ईंधन के बिना पहुंची।

इस कारण खोजबीन शुरू होने में विलंब हुआ। हालांकि प्रशासन की ओर से सर्च अभियान जारी है। घाट पर परिजनों की चीख-पुकार के बीच सभी की निगाहें एसडीआरएफ के अभियान पर टिकी हैं।

तीनों एक ही गांव के रहने वाले और गहरे दोस्त थे। इसी वर्ष तीनों ने 11वीं कक्षा में प्रवेश लिया था। रौनक और सुंदरम अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे थे, जबकि अंकुश दो भाइयों में बड़ा था।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *