Connect with us

राज्य

मुजफ्फरपुर में टीन के जार में शराब का खेल, चार राज्यों की 17 ब्रांड बरामद , एक गिरफ्तार

उत्पाद विभाग की टीम ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए शराब के धंधे का पर्दाफाश किया है। एक धंधेबाज को गिरफ्तार कर शराब लदा मालवाहक आटो को भी जब्त किया गया।

उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि रामपुर हरि में गुप्त सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर मनोज कुमार राम और एएसआइ नीरज कुमार सिंह के साथ छापेमारी की गई।

वहां पंकज राय की झोपड़ी की तलाशी ली गई। इसमें टीन के सैंकड़ों जार मिले। इसे जब खोला गया तो इसके अंदर से शराब मिली। जब्त शराब चार राज्यों की 17 अलग-अलग ब्रांड की पाई गई।

मौके से धंधेबाज अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। उसके विरुद्ध अभियोग दर्ज किया गया है। उत्पाद इंस्पेक्टर ने बताया कि छानबीन करने पर देखा गया कि टीन के जार में शराब की बोतलों को रखकर इसे कुन्नी से भर दिया गया था, ताकि कितना भी हिलाने डुलाने पर आवाज नहीं हो और पता नहीं लगे।

कुल 35 कार्टन शराब जब्त हुई। इसमें अरुणाचल, दिल्ली, यूपी और चंडीगढ़ निर्मित शराब है। फरार धंधेबाज ने झोपड़ी को शराब ठिकाना लगाने का गोदाम बनाकर रखा था। यहां से मैकडावेल नंबर वन, रायल चैलेंज, रायल स्टैग, आल सिजन समेत अन्य ब्रांड की शराब है।

उत्तर प्रदेश से आटो से ला रहा था शराब

उत्पाद इंस्पेक्टर ने बताया कि सरैया-रेवा रोड में एनएच-722 स्थित मुंगौली के समीप एक मालवाहक आटो को जब्त किया गया। आटो चालक कांटी के दिलशाद अली को गिरफ्तार किया गया। इसके पिछले हिस्से में चिप्स की बोरियां रखी थी। इसे हटाकर तलाशी ली गई तो 68 कार्टन उत्तर प्रदेश निर्मित शराब मिली।

पूछताछ में चालक ने बताया कि उत्तर प्रदेश से ही शराब की खेप लेकर आ रहा था। इसे कांटी ले जाता और वहां से अलग-अलग इलाकों में आपूर्ति करने की तैयारी थी। धंधेबाज के विरुद्ध अभियोग दर्ज कर जेल भेजने की कवायद की जा रही है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *