Connect with us

उत्तराखंड

बदरीनाथ चढ़ावा चोरी: आरोपी नौटियाल को कस्टडी में लेकर BKTC कार्यालय पहुंची पुलिस; पांच कर्मचारी देहरादून तलब

बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे में हेराफेरी के मामले में मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल को कस्टडी रिमांड पर लेकर मंगलवार को पुलिस बदरीनाथ पहुंची। आरोपी को बदरीनाथ थाने से सीधे बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के प्रोटोकॉल कार्यालय लाया गया, जहां अलमारी और पूरे कार्यालय कक्ष की गहन तलाशी ली गई। हालांकि पहले दिन की कार्रवाई में पुलिस को कोई अहम सुराग हाथ नहीं लग सका।
न्यायिक मजिस्ट्रेट हिना कौसर की अदालत ने सोमवार को पुलिस के आवेदन पर मुख्य आरोपी को कस्टडी रिमांड में देने की मंजूरी दी थी। इसके बाद मंगलवार को पुलिस टीम जिला कारागार पुरसाड़ी से प्रमोद नौटियाल को लेकर अपराह्न 4:40 बजे बदरीनाथ थाने पहुंची। शाम करीब सात बजे आरोपी को बीकेटीसी के प्रोटोकॉल कार्यालय ले जाया गया, जहां पुलिस ने आरोपी की मौजूदगी में अलमारी खुलवाकर जांच की और कार्यालय का बारीकी से निरीक्षण किया। करीब 15 मिनट तक चली कार्रवाई के बाद आरोपी को दोबारा थाने ले जाया गया।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने और पूछताछ के लिए आरोपी को बुधवार को देहरादून भी ले जा सकती है। फिलहाल पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि चढ़ावा हेराफेरी मामले की जांच जारी है। मुख्य आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।बड़ी राहत: बुग्यालों में नाइट स्टे पर लगी रोक आठ साल बाद हटी, पर्यटक रूपकुंड की कर सकेंगे ट्रेकिंग

बीकेटीसी के पांच कर्मचारी देहरादून तलब

बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी की जांच गढ़वाल आयुक्त के नेतृत्व में गठित जांच टीम भी कर रही है। इसी क्रम में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के दान गणना कार्य से जुड़े पांच कर्मचारियों को पूछताछ के लिए देहरादून तलब किया गया है।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी (सीईओ) सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि दान गणना से जुड़े कुछ कर्मचारियों को जांच टीम ने पूछताछ के लिए देहरादून बुलाया है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच लगातार जारी है और जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

सीईओ ने बताया कि बीकेटीसी की आंतरिक जांच समिति अपनी 18 पन्नों की रिपोर्ट पहले ही समिति के अध्यक्ष को सौंप चुकी है। रिपोर्ट में दान गणना व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, गणना कक्ष में सीसीटीवी कैमरों को उपयुक्त स्थानों पर स्थापित करने, कक्ष में शीशे लगवाने तथा दान गणना के दौरान कर्मचारियों के बिना जेब वाले वस्त्र पहनने जैसी व्यवस्थाएं लागू करने की सिफारिश की गई थी। उन्होंने बताया कि इन सभी सुझावों पर अमल कर दिया गया है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की अनियमितताओं की संभावना को रोका जा सके। मामले में जांच जारी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *