Connect with us

उत्तर प्रदेश

बालकनी में ऐसा क्या हुआ जो 23वीं मंजिल से गिर गए पिता-बेटे? ग्रेटर नोएडा वेस्ट में भयंकर हादसा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसाइटी में शुक्रवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया. महागुन मायवुड्स सोसाइटी के टावर-23 की 23वीं मंजिल से गिरकर पिता और उनके 11 साल के बेटे की मौत हो गई.

दोनों की पहचान 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके बेटे आरव के रूप में हुई है. हादसे के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलने पर बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पूजा के लिए बालकनी में फूल तोड़ने गए थे पिता-बेटे

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह रणदीप पात्रा और उनका बेटा आरव पूजा के लिए फूल तोड़ने बालकनी में गए थे. परिवार को सुबह जल्दी खाटू श्याम मंदिर के लिए निकलना था. इसी वजह से पिता और बेटा घर की बालकनी में फूल तोड़ रहे थे.

बताया जा रहा है कि बालकनी में फूल तोड़ने के लिए सीढ़ी का इस्तेमाल किया जा रहा था. इसी दौरान अचानक बेटे का पैर फिसल गया और वह बालकनी से नीचे की तरफ लटक गया. बेटे को बचाने की कोशिश में पिता का भी संतुलन बिगड़ गया. इसके बाद दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए.

बारिश के कारण गीली थी बालकनी

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बारिश की वजह से बालकनी गीली थी. आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से फूल तोड़ते समय सीढ़ी से पैर फिसला और हादसा हो गया. हालांकि, हादसे की पूरी परिस्थितियों को लेकर पुलिस जांच कर रही है.

बिसरख थाना पुलिस को 30 अक्टूबर 2026 को PRV के माध्यम से महागुन मायवुड्स सोसाइटी के टावर-23 में दो लोगों के ऊंचाई से गिरने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो रणदीप पात्रा और उनका 11 वर्षीय बेटा गंभीर हालत में मिले. दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के अनुसार, मृतक रणदीप की पत्नी ने हादसे के बारे में जानकारी दी है. पुलिस ने दोनों के शवों का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. मामले में अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *