Connect with us

उत्तर प्रदेश

सीतापुर में जमीन विवाद को लेकर महिला के घर ताबड़तोड़ फायरिंग, ट्रेनी IPS मयंक बाजपेई के पिता समेत 10 लोग हुए गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में जमीन पर कब्जे को लेकर रविवार दोपहर जमकर बवाल हुआ. आरोप है कि हथियारों से लैस लोगों ने एक महिला के घर पहुंचकर 20 से 25 राउंड फायरिंग की. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की. पीड़िता शोभना शुक्ला की तहरीर पर केस दर्ज कर ट्रेनी IPS मयंक बाजपेई के पिता विपिन बाजपेई समेत 10 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.

2018 में खरीदी थी जमीन

अढ़ौरी बाईपास निवासी शोभना शुक्ला के मुताबिक, उन्होंने साल 2018 में 19 बिसुआ जमीन का बैनामा कराया था. इसी जमीन पर मकान बनाकर वह परिवार के साथ रह रही हैं. शोभना का आरोप है कि साल 2022 में ट्रेनी IPS मयंक बाजपेई के पिता विपिन बाजपेई ने भी इसी जमीन का बैनामा कराया था. जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था. करीब दो महीने पहले महोली तहसील से इस मामले में फैसला शोभना के पक्ष में आया था. इसके बावजूद दूसरे पक्ष पर जबरन कब्जे की कोशिश करने का आरोप है.

डीसीएम से पहुंचे हथियारबंद लोग

आरोप है कि रविवार दोपहर करीब तीन दर्जन लोग एक डीसीएम में सवार होकर हथियारों के साथ शोभना के घर पहुंचे. घर के दरवाजे पर पहुंचते ही कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी गई. इसके बाद वहां फायरिंग की गई. घटना के समय शोभना घर में अकेली थीं. उनके पति मुनीश और बच्चे देवरिया गांव गए हुए थे. महिला का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें घर से बाहर खींचने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी भी दी.

20 से 25 राउंड फायरिंग का वीडियो वायरल

फायरिंग की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में हथियारों के साथ फायरिंग किए जाने का दावा किया जा रहा है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई. वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है.

ट्रेनी IPS के पिता समेत 10 आरोपी जेल भेजे गए

पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रेनी IPS मयंक बाजपेई के पिता विपिन बाजपेई समेत कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है. पुलिस अब वायरल वीडियो, जमीन से जुड़े विवाद और फायरिंग की पूरी घटना की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मौके पर कितने लोग मौजूद थे और फायरिंग में किन हथियारों का इस्तेमाल किया गया. पुलिस के मुताबिक, मामले में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *