Connect with us

राज्य

UP Weather: 23 अगस्त को बारिश का महाअलर्ट, इन जिलों में में जमकर बरसेंगे बादल

उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों के चलते भारी बारिश का सिलसिला बना हुआ है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 23 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है. खासतौर से पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी अनेक स्थानों पर बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश पर बना कम दबाव का क्षेत्र और पूर्वी उत्तर प्रदेश व आसपास के इलाकों में सक्रिय चक्रवाती हवाओं का घेरा मानसूनी बारिश को मजबूती दे रहा है. इसके अलावा मानसून की द्रोणिका रेखा राज्य के मध्य हिस्सों से होकर गुजर रही है जिससे बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण राज्यभर में बादल घने बने हुए हैं.

23 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी यूपी के बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर, वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर और सुल्तानपुर सहित आसपास के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

वहीं पश्चिमी यूपी के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर और बरेली के साथ-साथ लखनऊ, कानपुर और उन्नाव जैसे मध्यवर्ती इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ने की संभावना है. इस दौरान बारिश के साथ ही 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली चमकने (वज्रपात) की चेतावनी दी गई है.

बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण राज्य में तापमान नियंत्रित रहेगा. राजधानी लखनऊ में 23 अगस्त को अधिकतम तापमान करीब 33°C और न्यूनतम तापमान 28°C रहने का अनुमान है. प्रदेश के ज्यादातर जिलों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलेगी.

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने भारी बारिश और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए किसानों को खेतों में खुले स्थान पर न रहने और आम नागरिकों को जलभराव वाले इलाकों तथा पुराने जर्जर मकानों/पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी है.

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *