Connect with us

राज्य

डेराबस्सी में समर्पित नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने की विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने की वकालत

‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत मोहाली के जिला प्रशासनिक परिसर में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान डेराबस्सी के विधायक सरदार कुलजीत सिंह रंधावा ने डेराबस्सी सब-डिवीजन में नशा मुक्ति उपचार और पुनर्वास सुविधाओं को और मजबूत करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

बैठक की अध्यक्षता श्री आनंदपुर साहिब से सांसद मलविंदर सिंह कंग ने की। इस दौरान नशों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई, उपचार, पुनर्वास और लोगों की भागीदारी के माध्यम से अभियान को और प्रभावी बनाने संबंधी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को नशों से बचाने के लिए चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशों की सप्लाई पर रोक लगाने के साथ-साथ नशे से प्रभावित लोगों को बेहतर उपचार और पुनर्वास सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि डेराबस्सी सब-डिवीजन की बड़ी आबादी को देखते हुए क्षेत्र के लोगों को नशा मुक्ति उपचार के लिए दूर न जाना पड़े, इसके लिए डेराबस्सी में समर्पित नशा मुक्ति केंद्र स्थापित किया जाना चाहिए। इससे नशे से प्रभावित लोगों को समय पर उपचार मिलेगा और उनके परिवारों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

विधायक रंधावा ने नशा तस्करों और पैडलरों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई को और तेज करने की जरूरत पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशों की सप्लाई पर सख्ती से रोक लगाने के साथ-साथ नशा छोड़ चुके युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ना भी जरूरी है, ताकि वे दोबारा समाज की मुख्यधारा में शामिल होकर सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर सकें।

बैठक के दौरान ग्रामीण रक्षा समितियों (वी.डी.सी.) और वार्ड रक्षा समितियों (डब्ल्यू.डी.सी.) द्वारा दिए जा रहे इनपुट पर तुरंत कार्रवाई करने, नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई को मजबूत करने तथा नशा मुक्ति एवं पुनर्वास सेवाओं के विस्तार पर भी चर्चा की गई।

इस मौके पर सांसद मलविंदर सिंह कंग ने डेराबस्सी सब-डिवीजन में नशा मुक्ति उपचार और पुनर्वास सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं तलाशने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ लड़ाई में प्रवर्तन के साथ-साथ उपचार और पुनर्वास को भी समान प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

बैठक में डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल सहित जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *