Connect with us

बिहार-झारखंड

‘₹50000 दो, नहीं तो नौकरी नहीं करने दूंगा’: JDU विधायक पर JE को पीटने और रंगदारी मांगने का आरोप

बिजली विभाग के कनीय अभियंता (जेई) नितेश कुमार ने सदर थाने में कुर्था के जदयू विधायक पप्पू वर्मा (JDU MLA Pappu Verma) के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 13 जून को विधायक ने उनके सरकारी मोबाइल पर कॉल किया। जेई ने उनका अभिवादन किया, लेकिन विधायक आक्रोशित हो गए और जूता मारने की धमकी दी। जब जेई ने बताया कि कॉल रिकॉर्डिंग पर है, तो विधायक ने फोन काट दिया।

आरोप है कि उसी दिन शाम को विधायक ने उन्हें व्हाट्सएप कॉल किया और गाली-गलौज करने लगे। उन्होंने कहा कि तुम्हारी काफी शिकायतें हैं, 50 हजार रुपये दो, नहीं तो नौकरी नहीं करने देंगे और विधानसभा में भी प्रश्न उठाएंगे।

जेई ने अपनी शिकायत में बताया कि मंगलवार को जब वह शहर के मोकरी में एक ट्रांसफार्मर की जांच कर रहे थे, तभी विभाग के कार्यपालक अभियंता सोमनाथ पासवान का फोन आया और उन्हें सर्किट हाउस के कमरा नंबर 6 में बुलाया गया। वहां कार्यपालक अभियंता के साथ विधायक पप्पू वर्मा भी बैठे थे।

विधायक ने उन्हें अपना मोबाइल टेबल पर रखने को कहा और फिर उनके साथ गाली-गलौज व मारपीट करने लगे। साथ ही धमकी दी गई कि यदि अरवल में रहना है तो उनकी सभी बातें माननी होंगी, अन्यथा वे नौकरी नहीं करने देंगे।

इन आरोपों के विषय में पूछे जाने पर विधायक ने कहा कि राम लगन बिगहा गांव में कई दिनों से ट्रांसफार्मर जला हुआ है और वहां के लोग गर्मी से परेशान हैं। ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए उन्हें कई बार फोन किया था।

इसके बाद उन्होंने विद्युत विभाग के जेई नितेश कुमार को फोन कर ट्रांसफार्मर लगाने को कहा, लेकिन जेई द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और गाली-गलौज की गई।

विधायक ने स्पष्ट किया कि, “इसी कारण मंगलवार को मैंने उन्हें सर्किट हाउस में बुलाकर अन्य जनप्रतिनिधियों के सामने फटकार लगाई थी। गाली-गलौज और मारपीट के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं।”

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending