Connect with us

बिहार-झारखंड

कलेजे के टुकड़े को खोजती रही मां… नदी किनारे कपड़ों से मिला सुराग, समस्तीपुर पुलिस ने जमीन खोदकर निकाला शव

पारिवारिक विवाद के कारण एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची को जहर देकर मार डाला, फिर शव को करेह नदी के किनारे दफना भी दिया। मृत बच्ची के कपड़े देख मां की शिकायत पर जमीन खोदकर शव निकाला गया। बाद में उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

इसके पूर्व घटनास्थल पर सीमा निर्धारण को लेकर सिघिया और हसनपुर थाना की पुलिस काफी उलझी रही। मृतका थाना क्षेत्र के दुधपुरा पंचायत के खराज गांव निवासी राहुल दास की पांच वर्षीय पुत्री रितिका कुमारी है। बच्ची की मां पूजा देवी ने हसनपुर थाने में लिखित आवेदन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई है।

करेह नदी के किनारे शव की हुई तलाश

सोमवार की रात पूजा अपनी बच्ची की शव को खोजते हुए करेह नदी के फुलहारा ढाला के निकट पहुंची तो बांध किनारे कुछ कपड़ा फेंका मिला। उसने कपड़े की पहचान रितिका के कपड़े के रूप में की।

स्थानीय पुलिस को कपड़ा मिलने की सूचना दी गई।सूचना मिलते ही हसनपुर और सिंघिया थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। मगर दोनों थाने के बीच सीमा विवाद को लेकर चली बहस के कारण बच्ची की शव का खोजबीन कार्य कुछ देर के लिए स्थगित रहा।

सीमा विवाद समाप्त होने के बाद शव की खोजबीन की गई। पर रात काफी अधिक होने के कारण कुछ अता पता नहीं चल सका। फिर मंगलवार की सुबह त्वरित कार्रवाई करते हुए हसनपुर और सिंघिया थाने की पुलिस संयुक्त रूप से मजिस्ट्रेट सह बीडीओ मनोज कुमार की मौजूदगी में करेह नदी के तट पर पहुंची।

पुलिस की टीम नदी किनारे मिट्टी में दफनाए गए शव को ढूंढने के लिए घंटों तलाशी अभियान चलाकर कब्र से बच्ची की शव को निकाल पोस्टमार्टम के लिए हायर सेंटर दरभंगा भेज दिया। मृत बच्ची की मां पूजा देवी भी अपनी कलेजे के टुकड़े के शव को खोजने के लिए पुलिस टीम के साथ नदी तट पर मौजूद रही।

जेठानी और ससुराल वालों पर हत्या का शक

मृतिका की मां पूजा देवी ने अपनी जेठानी और ससुराल के अन्य सदस्यों पर बेटी को जहर देकर मार डालने का सीधा आरोप हुए बताया कि है परिवार में लंबे समय से कलह चल रहा था।

थाने में दिए आवेदन में पूजा देवी ने बताया है कि 21अप्रैल 2026 की शाम करीब 6 बजे उसके पति राहुल दास, देवर विकास कुमार, सास रीता देवी, ससुर महेश दास, गोतनी रीता देवी एवं जेठानी गीता देवी ने एक मत कर उनके साथ मारपीट कर गंभीर रूप से जख्मी कर घर से भगा दिया।

उसके बाद पिता को सूचित कर पिता के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंघिया में इलाजोपरांत अपने मायके फुलहारा चली आई। इस बीच अपने ससुराल वालों से मोबाइल से अपनी तीनों पुत्री को फुलहारा पहुंचाने के लिए आग्रह करती रही। मगर ससुराल वालों ने उसकी एक भी न सुनी।

उसके बाद 19 जून की शाम करीब 7.30 बजे ससुराल से फोन आया कि रितिका की हालत बहुत खराब है, क्योंकि किसी ने जहर खिला दी है। 20 जून की सुबह 5.00 बजे जब वह ससुराल पहुंची तो देखी कि रितिका का शव आंगन में पड़ा है। पुनः ससुराल वालों ने उनके साथ मारपीट कर घर से भगा दिया।

थाने में दिए आवेदन में पूजा ने आशंका जताई है कि उसकी जेठानी गीता देवी व अन्य लोगों ने एक सोची समझी साजिश के तहत रितिका को जहर खिलाकर हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को करेह नदी के किनारे मिट्टी खुदाई कर दफना दिया।

थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर सुनील कांत ने बताया कि बच्ची की हत्या की सूचना मिलने से पूर्व ही आरोपियों ने शव को दफना दिया था। काफी मुश्किल से शव को कब्र से निकाला गया। बाद में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा भेजते हुए पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी गई है। वैसे अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा कि बच्ची की मौत किस कारण से हुई है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *