Connect with us

बिहार-झारखंड

सिवान में आर्केस्ट्रा की आड़ में नाबालिगों के शोषण का भंडाफोड़, पुलिस ने 21 बच्चियों को किया रेस्क्यू

जिले में आर्केस्ट्रा डांस ग्रुप की आड़ में नाबालिग बच्चियों से जबरन नृत्य कराने और उनके शोषण किए जाने के मामले का खुलासा हुआ है। रेस्क्यू फाउंडेशन से मिली सूचना के आधार पर पुलिस और संबंधित एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई में नौतन थाना क्षेत्र के बंका मोड़ व नौतन बाजार से कुल 21 नाबालिग बच्चियों को मुक्त कराया गया है।

मामले में प्राथमिकी कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। इनमें 12 बच्चियां पश्चिम बंगाल, छह झारखंड और तीन छत्तीसगढ़ की रहने वाली बताई जा रही हैं। सभी बच्चियों को आवश्यक संरक्षण और देखभाल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रेस्क्यू फाउंडेशन को सूचना मिली थी कि जिले के कुछ आर्केस्ट्रा डांस ग्रुपों के माध्यम से नाबालिग बच्चियों का शोषण किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए संस्था द्वारा राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर), नई दिल्ली से पत्राचार किया गया।

इसके बाद जांच टीम के पदाधिकारी संजय प्रसाद और सुजय दियासन ने गोपनीय जांच की। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई।

इसके बाद पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) के निरीक्षक देवानंद कुमार, महिला थानाध्यक्ष सोनी कुमारी व नौतन थाना की पुलिस टीम के नेतृत्व में संयुक्त रूप से कई संदिग्ध स्थलों पर छापामारी की।

कार्रवाई के दौरान आर्केस्ट्रा ग्रुपों की गतिविधियों की विस्तृत जांच की गई तथा संबंधित दस्तावेजों और अन्य तथ्यों को खंगाला गया। जांच दल में शामिल संजय प्रसाद ने बताया कि मामले में मानव तस्करी, बाल संरक्षण और अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी कराई गई है।

आर्केस्ट्रा ग्रुपों के संचालकों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। एसपी ने स्पष्ट किया है कि दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पूरे मामले की गहन जांच जारी है, ताकि शोषण और मानव तस्करी के संभावित नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया जा सके।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *