Connect with us

राज्य

BPSC TRE-4 में 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती, एक सितंबर से आवेदन; पहली बार दो चरणों में होगी परीक्षा

बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने शिक्षक नियुक्ति परीक्षा के चौथे चरण (टीआरई-4) की अधिसूचना मंगलवार को जारी कर दी।

कक्षा एक से 12वीं तक शिक्षकों की नियुक्ति के लिए कुल 32 हजार 388 पद चिह्नित किए गए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी एक सितंबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

प्राथमिक से उच्च माध्यमिक तक पद, सबसे ज्यादा सीटें 11-12 में

आयोग की वेबसाइट पर आवेदन का लिंक 30 सितंबर तक उपलब्ध रहेगा। प्राथमिक विद्यालय कक्षा एक से पांच में 3,847, मध्य विद्यालय कक्षा छह से आठ में 8,563, माध्यमिक कक्षा नौवीं-दसवीं में 3,877 और उच्च माध्यमिक कक्षा 11वीं-12वीं में सबसे अधिक 16,101 पद हैं।

टीआरई-4 में पहली बार मुख्य परीक्षा का आयोजन

टीआरई-4 की नियुक्ति प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहली बार शिक्षक नियुक्ति परीक्षा में मुख्य परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। मुख्य परीक्षा में वही अभ्यर्थी शामिल होंगे, जो प्रारंभिक परीक्षा में क्वालीफाई करेंगे।

वेबसाइट पर बढ़ा दबाव, आवेदन लिंक एक सितंबर से

टीआरई-4 की अधिसूचना जारी होने के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आयोग की वेबसाइट पर विजिट किया।

इसके कारण काफी देर तक वेबसाइट खुलने में परेशानी हुई। आवेदन के लिए लिंक एक सितंबर से उपलब्ध होगा।

कुछ विषयों की रिक्तियां बाद में जारी होंगी

परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि माध्यमिक विद्यालय अध्यापक के लिए बांग्ला, ललित कला, नृत्य, मैथिली, विशेष विद्यालय अध्यापक, अरबी एवं फारसी तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय अध्यापक के लिए बांग्ला, भोजपुरी, मगही, मैथिली, पाली, प्राकृत, अरबी, फारसी एवं कृषि विषय की पूरक अधियाचना सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त होने के बाद रिक्तियों की सूचना दी जाएगी।

चार चरणों में चार लाख से ज्यादा शिक्षक सीटें चिह्नित

टीआरई के चार चरणों में अब तक कुल 4,12,909 शिक्षक पद चिह्नित किए गए हैं। टीआरई-1 में 1,70,461, टीआरई-2 में 1,22,286, टीआरई-3 में 87,774 और टीआरई-4 में 32,388 पद शामिल हैं।

टीआरई-1 में सबसे ज्यादा 1,70,461 पद

चरणवार आंकड़ों के अनुसार टीआरई-1 में प्राथमिक के 79,943, माध्यमिक के 32,916 और उच्च माध्यमिक के 57,602 पद शामिल थे। मध्य विद्यालय के लिए टीआरई-1 में कोई पद नहीं था।

टीआरई-2 में मध्य विद्यालय के 32,216 पद

टीआरई-2 में प्राथमिक के 9,431, मध्य विद्यालय के 32,216, माध्यमिक के 25,829 और उच्च माध्यमिक के 53,727 पद थे। कुल 1,22,286 पदों पर नियुक्ति की गई।

टीआरई-3 में 87,774 पदों पर हुई नियुक्ति

टीआरई-3 में प्राथमिक के 28,026, मध्य विद्यालय के 19,645, माध्यमिक के 16,970 और उच्च माध्यमिक के 22,373 पद शामिल थे। इस चरण में कुल 87,774 पद चिह्नित किए गए थे।

टीआरई-4 में उच्च माध्यमिक की 16,101 सीटें

टीआरई-4 में प्राथमिक के 3,847, मध्य विद्यालय के 8,563, माध्यमिक के 3,877 और उच्च माध्यमिक के 16,101 पद हैं।

इस चरण में कुल 32,388 पदों पर नियुक्ति होगी। टीआरई-1 और टीआरई-2 की अधिसूचना 2023 में, जबकि टीआरई-3 की अधिसूचना 2024 में जारी हुई थी।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *