Connect with us

बिहार-झारखंड

समृद्धि यात्रा के तहत समस्तीपुर पहुंचे सीएम नीतीश, 827 करोड़ की विकास योजनाओं की दी सौगात

समस्तीपुर

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दावा किया कि अब बिहार तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में सभी क्षेत्रों में निरंतर काम हो रहा है और बिहार की प्रगति का लाभ सीधे आम लोगों को मिलेगा।

दूसरे चरण की समृद्धि यात्रा के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को समस्तीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जिलेवासियों को 827 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। इसमें 470 करोड़ रुपये की लागत से 71 योजनाओं का शिलान्यास, 273.02 करोड़ रुपये की लागत से 74 योजनाओं का उद्घाटन और 83.29 करोड़ रुपये की लागत से 43 योजनाओं का कार्यारंभ शामिल है।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने एनडीए सरकार के कार्यों को गिनाया और 2005 से पहले की सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “याद है पहले क्या हालात थे? शाम के बाद लोग घर से बाहर निकलने से डरते थे। समाज में विवाद, हिन्दू-मुस्लिम तनाव आम बात थी। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और इलाज की स्थिति बेहद खराब थी।”

सीएम नीतीश कुमार ने लालू-राबड़ी शासन का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में किसी वर्ग के लिए ठोस काम नहीं किया गया। महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में भी कोई पहल नहीं हुई थी। उन्होंने कहा कि उस समय बिजली की भारी कमी थी और बुनियादी सुविधाएं न के बराबर थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 के बाद से बिहार में विकास की प्रक्रिया लगातार जारी है और अब राज्य में डर और भय का माहौल पूरी तरह खत्म हो चुका है। आज बिहार में शांति, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव का वातावरण है। शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया है, बड़े पैमाने पर सड़क, पुल-पुलियों का निर्माण हुआ है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में सात निश्चय योजना के तहत हर घर बिजली, हर घर नल का जल, हर घर शौचालय और टोलों को पक्की सड़कों से जोड़ने का कार्य पूरा किया गया। वर्ष 2018 तक हर घर बिजली पहुंचा दी गई और सरकार ने शुरू से ही सस्ती दरों पर बिजली उपलब्ध कराई। अब लगभग सभी घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त दी जा रही है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि 2025 से 2030 के अगले पांच वर्षों में विकास की रफ्तार और तेज की जाएगी। उन्होंने बताया कि 2005 से 2025 तक के चारों कार्यकालों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, कृषि और महिला सशक्तीकरण जैसे हर क्षेत्र में व्यापक कार्य किए गए हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार का बिहार को पूरा सहयोग मिल रहा है और अगले पांच वर्षों के लिए सात निश्चय-3 का गठन किया गया है, जिसके तहत राज्य के समग्र विकास को नई दिशा दी जाएगी।

YashoRaj IT Solutions
Advertisement

Instagram

Facebook

yashoraj infosys, Best Web design company in patna 8

YashoRaj IT Solutions

Trending