Connect with us

राज्य

MP ATS की जांच में बड़ा खुलासा: एक ही पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर काम कर रहे थे चारों आरोपित, फंडिंग की जांच जारी

देश विरोधी गतिविधियों की जांच में जुटे मध्य प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) को पूछताछ के दौरान महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। अब तक मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार से गिरफ्तार किए गए चार आरोपितों से हुई पूछताछ में संकेत मिले हैं कि वे एक ही पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में थे और उसके निर्देशों पर अपने-अपने राज्यों में गतिविधियां संचालित कर रहे थे।

जांच एजेंसियों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपित कथित रूप से पाकिस्तान जाकर प्रशिक्षण लेने की तैयारी कर रहे थे। इस खुलासे के बाद जांच का दायरा और व्यापक कर दिया गया है।

युवाओं को नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश

एटीएस सूत्रों के मुताबिक आरोपित आर्थिक रूप से कमजोर और अविवाहित युवकों को अपने नेटवर्क से जोड़ने का प्रयास कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि संबंधित पाकिस्तानी हैंडलर ने विभिन्न राज्यों में अपना नेटवर्क खड़ा कर लिया था, जहां उसके लिए काम करने वाले एक या दो स्थानीय संपर्क सक्रिय हो सकते हैं।

जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि उक्त हैंडलर तक धनराशि किस माध्यम से पहुंच रही थी और उसके तार किसी बड़े आतंकी संगठन से जुड़े हैं या नहीं। फंडिंग नेटवर्क, डिजिटल संपर्क और अन्य संभावित कड़ियों की भी गहन पड़ताल की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों से होगी आमने-सामने पूछताछ

इस मामले में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार नईम अब्दुल्ला की पुलिस हिरासत अवधि न्यायालय ने 20 जून तक बढ़ा दी है। वहीं भोपाल से गिरफ्तार फराज को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।

बिहार के मधुबनी से गिरफ्तार इजहार उल हक को ATS टीम भोपाल ला रही है। इसके बाद राजस्थान के अलवर से पकड़े गए शाकिर मेव, नईम अब्दुल्ला और इजहार उल हक को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी, ताकि नेटवर्क की कार्यप्रणाली और उसके अन्य संभावित सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।

कई राज्यों तक फैली जांच

ATS का मानना है कि यह मामला केवल चार आरोपितों तक सीमित नहीं हो सकता। जांच एजेंसी अब विभिन्न राज्यों में संभावित संपर्कों, डिजिटल नेटवर्क और फंडिंग चैनलों की पड़ताल कर रही है। पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर आने वाले दिनों में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *