Connect with us

राज्य

असुविधा के लिए खेद है… गर्मी की छुट्टियों के बीच ट्रेनों में बढ़ा दबाव, पटना में नहीं मिल रही कन्फर्म टिकट

गर्मी की छुट्टियों और शादी-विवाह के मौसम की शुरुआत के साथ ही रेलवे ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ अचानक बढ़ गई है। खासकर पटना से देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों और महानगरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।

दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, हरिद्वार, जम्मू, दार्जिलिंग, शिमला और दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों का भारी दबाव देखा जा रहा है।

पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर टर्मिनल और दानापुर स्टेशन से चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों में अगले कई दिनों तक सीटें फुल हो चुकी हैं। स्थिति यह है कि थर्ड एसी, सेकंड एसी ही नहीं, स्लीपर कोच में भी लंबी वेटिंग चल रही है। कई ट्रेनों में वेटिंग 100 से 250 के पार पहुंच गई है।

तत्काल टिकट के लिए भी यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां शुरू होने के बाद परिवारों का पर्यटन स्थलों की ओर रुख बढ़ा है। बड़ी संख्या में लोग उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों की यात्रा की योजना बना रहे हैं।

नहीं मिल पा रहा कन्फर्म टिकट

इसके अलावा दिल्ली और मुंबई जैसे शहरों में काम करने वाले लोग भी छुट्टियों में घर लौट रहे हैं, जिससे ट्रेनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। पटना से नई दिल्ली जाने वाली राजधानी, संपूर्ण क्रांति, श्रमजीवी और पूर्वा एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में सीटें लगभग फुल हैं। वहीं हावड़ा, पुरी और मुंबई रूट की ट्रेनों में भी भारी भीड़ है।

पटना से जम्मू जाने वाली हिमगिरी एक्सप्रेस में अगले 15 दिनों से तक वेटिंग है। मुबंई जाने वाली ट्रेनों में सौ से अधिक वेटिंग है। यात्रियों का कहना है कि कई दिनों पहले प्रयास करने के बावजूद कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है।

मजबूरी में लोग प्रीमियम तत्काल या निजी बसों का सहारा ले रहे हैं। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए कुछ रूटों पर स्पेशल ट्रेनों के परिचालन और अतिरिक्त कोच लगाने की तैयारी शुरू की है।

अधिकारियों का कहना है कि भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को राहत देने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *