Connect with us

राज्य

कटनी की निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया समेत तीनों आरोपितों पर 10-10 हजार का इनाम घोषित, लुकआउट नोटिस जारी

 हत्या के आरोपित को बचाने के लिए महंगी जमीन औने-पौने में लेने के मामले में निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मामले की जांच के लिए आईजी जबलपुर के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) आरोपितों की तलाश में जुटा है। इस बीच पुलिस ने नेहा पच्चीसिया, उनके करीबी क्षितिज राज बारापात्रे और जमीन अपने नाम कराने वाले मारुफ अहमद हनफी के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया है।

लुकआउट नोटिस के बाद तीनों के विदेश जाने पर रोक लग गई है। पुलिस ने उनके देश से बाहर जाने की संभावना को देखते हुए एयरपोर्ट समेत संबंधित एजेंसियों को अलर्ट किया है। कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने तीनों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है।

एफआईआर के बाद से तीनों फरार

इस मामले में 20 अगस्त को एफआईआर दर्ज होने के बाद से नेहा पच्चीसिया, क्षितिज राज बारापात्रे और मारुफ अहमद फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।

गुरुवार को एसआईटी की टीम मारुफ अहमद के निवास पर भी पहुंची थी। हालांकि वहां ताला लगा मिला। पुलिस अब आरोपितों के संभावित ठिकानों और उनसे जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है।

अग्रिम जमानत पाने की कोशिश

उधर, निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया और उनके करीबी क्षितिज राज ने गिरफ्तारी से बचने के लिए न्यायालय का रुख किया है। दोनों की ओर से जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था।

मंगलवार को विशेष न्यायालय में इस आवेदन पर सुनवाई हुई। करीब तीन घंटे तक दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गईं, लेकिन सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। इसके बाद न्यायालय ने मामले में आगे की सुनवाई के लिए शनिवार की तारीख तय की है।

सील कार्यालय की जांच का इंतजार

मामले की जांच के तहत एसआईटी को निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के सील किए गए कार्यालय में दस्तावेजों की जांच करनी है। हालांकि पिछले तीन दिनों से एसआईटी की टीम कार्यालय में दस्तावेजों की जांच करने नहीं पहुंची है।

पुलिस जांच का फोकस जमीन की खरीद-फरोख्त, आरोपितों के बीच कथित संबंध और हत्या के मामले में आरोपित को बचाने के लिए किए गए प्रयासों से जुड़े तथ्यों को सामने लाने पर है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद मामले में कई और महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *