Connect with us

राज्य

किराना दुकानदार के बेटे का कमाल: कटिहार के रवि ने B.Ed में किया स्टेट टॉप; पुलिस भर्ती का पेपर भी निकाला

मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के आगे आर्थिक कठिनाइयां भी छोटी पड़ जाती हैं। कटिहार के रवि कुमार ने अपनी सफलता से इस बात को साबित कर दिखाया है। राज्य स्तरीय बीएड प्रवेश परीक्षा में संयुक्त रूप से टॉपर बनकर उन्होंने न सिर्फ जिले, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

शहर के बैगना मोहल्ला स्थित बसंत बिहार निवासी रवि कुमार ने बताया कि उन्होंने किसी महंगे कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया, बल्कि स्वाध्याय और अनुशासित दिनचर्या के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। उनका कहना है कि नियमित अध्ययन, स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर मेहनत ही सफलता का मूल मंत्र है।WhatsApp Image 2026-06-19 at 9.03.04 PM

रवि ने बताया कि उनके पिता एक छोटी किराना दुकान चलाते हैं। सीमित आय के कारण पढ़ाई के दौरान आर्थिक चुनौतियां अक्सर सामने आईं। ऐसे समय में उन्होंने हार मानने के बजाय बच्चों को ट्यूशन पढ़ाकर अपनी पढ़ाई का खर्च निकाला।

वहीं, रेलवे में कार्यरत उनके छोटे भाई शशि कुमार गुप्ता ने भी हर कदम पर सहयोग और प्रोत्साहन दिया। रवि की सफलता का दायरा सिर्फ बीएड प्रवेश परीक्षा तक सीमित नहीं है। उन्होंने बताया कि दारोगा भर्ती परीक्षा में भी उनका चयन हो चुका है।

उनका मानना है कि परिस्थितियां चाहे जितनी कठिन हों, यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदार हों तो सफलता अवश्य मिलती है। युवाओं को संदेश देते हुए रवि कहते हैं किसंसाधनों की कमी कभी भी सपनों की राह में बाधा नहीं बनती। जरूरत सिर्फ दृढ़ संकल्प, अनुशासन और लगातार मेहनत की होती है।

रवि कुमार की यह उपलब्धि उन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने का साहस रखते हैं।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending