Connect with us

बिहार-झारखंड

मधेपुरा में तिरंगे से छेड़छाड़: अशोक चक्र की जगह लगाया ‘चांद-तारा’, आरोपी गिरफ्तार

मुरलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरगंज चौक पर राष्ट्रीय ध्वज के स्वरूप में बदलाव कर झंडा लगाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्काल झंडे को जब्त कर प्राथमिकी दर्ज की और चिह्नित किए गए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार आरोपित मीरगंज वार्ड संख्या 10 निवासी स्व. मु. सलामत के पुत्र मु. दुखन को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में पुलिस जुटी है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10 बजे पुलिस को सूचना मिली कि मीरगंज-कुमारखंड स्टेट हाईवे 91 पर मीरगंज चौक के समीप एक पान दुकान के सामने लगे झंडे में राष्ट्रीय तिरंगे के स्वरूप के साथ छेड़छाड़ की गई है।

अशोक चक्र की जगह लगाया चांद-तारा

तिरंगे में अशोक चक्र के स्थान पर चांद-तारा का चिह्न बनाया गया था। मामला रात का होने के कारण, लोगों को इसकी जानकारी नहीं मिल पाई। स्थानीय किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना मुरलीगंज थाना को दी।

प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। जांच के दौरान सड़क किनारे बांस में टंगा झंडा बरामद किया गया। पुलिस ने दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में झंडे को जब्त कर जब्ती सूची तैयार की।

पुलिस के द्वारा स्थानीय लोगों से की गई पूछताछ में इस कृत्य में मीरगंज वार्ड संख्या 10 निवासी मु. दुखन का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस टीम आरोपित के घर पहुंची और तत्काल उसे हिरासत में लेकर थाना लाया गया।

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय ध्वज के साथ छेड़छाड़ संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि राष्ट्रीय तिरंगे के स्वरूप के साथ छेड़छाड़ की गई है। इस मामले में एक नामजद आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अन्य पहलुओं की छानबीन की जा रही है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending