Connect with us

राज्य

खरगोन के जाम घाट में लटकी बस, महाराष्ट्र के 51 छात्र बाल-बाल बचे; टला बड़ा हादसा

मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के जाम घाट में शुक्रवार देर शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के कोपरगांव से आए 51 विद्यार्थियों से भरी यात्री बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। घाट के खतरनाक मोड़ पर बस अनियंत्रित होकर खाई की ओर लटक गई। हालांकि, सड़क किनारे बनी पत्थरों की दीवार और ऊंचे पत्थरों के बीच बस अटक गई, जिससे वह गहरी खाई में गिरने से बच गई।

हादसे की वजह से बस में कुछ देर के लिए चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी विद्यार्थी और स्टाफ सुरक्षित रहे। आसपास मौजूद राहगीरों और ग्रामीणों ने भी तत्काल मौके पर पहुंचकर मदद की।

महेश्वर जा रहे थे छात्र

जानकारी के अनुसार कोपरगांव की यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी शैक्षणिक भ्रमण पर मध्य प्रदेश आए थे। विद्यार्थी ओंकारेश्वर और आईआईटी इंदौर का भ्रमण करने के बाद महेश्वर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जाम घाट के एक खतरनाक मोड़ पर बस के ब्रेक अचानक फेल हो गए। चालक ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल बस को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन वाहन खाई की तरफ बढ़ गया।

पत्थरों की दीवार ने बचाई 51 जिंदगियां

बस खाई की ओर झुककर कुछ दूरी तक आगे बढ़ी, लेकिन सड़क किनारे बने पत्थरों के टीले और दीवार से टकराकर वहीं अटक गई। यदि बस इन पत्थरों से नहीं रुकती तो वह गहरी खाई में गिर सकती थी।

बस को खतरनाक स्थिति में लटका देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। सभी विद्यार्थियों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें मंडलेश्वर ले जाया गया।

सभी विद्यार्थी सुरक्षित

मंडलेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि विद्यार्थियों से भरी बस जाम घाट में खाई की ओर लटक गई थी। हालांकि, बस में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *