Connect with us

राज्य

जबलपुर के बगदरी वाटरफॉल में हैवानियत! चोरी के शक में दो बच्चों को पीटा, निर्वस्त्र कर बनाया वीडियो

जबलपुर जिले के पाटन क्षेत्र के बगदरी वाटरफॉल में दो बच्चों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। चोरी के संदेह में कुछ युवकों ने दोनों बच्चों को पकड़कर उनके साथ मारपीट की और तलाशी के नाम पर उनके कपड़े उतरवा दिए। आरोप है कि इसके बाद बच्चों को निर्वस्त्र अवस्था में घुमाया गया और पूरी घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया।

वीडियो बहुप्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान के साथ घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

कपड़ों में रखे रुपये गायब होने का आरोप

बहुप्रसारित वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि दमोह जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र से आए कुछ युवक बगदरी वाटरफॉल घूमने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि युवकों ने नहाने जाने से पहले अपने कपड़े और रुपये किनारे पर रख दिए थे। वापस लौटने पर रुपये नहीं मिलने पर युवकों ने वहां मौजूद दोनों बच्चों पर चोरी का संदेह जताया। बच्चों ने बार-बार रुपये लेने से इन्कार किया और कहा कि उन्होंने कोई रकम नहीं चुराई है। इसके बावजूद युवकों ने उनकी बात नहीं मानी।

मारपीट के बाद कपड़े उतरवाए
आरोप है कि युवकों ने दोनों नाबालिगों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद तलाशी लेने के नाम पर उनके कपड़े उतरवाए गए और उन्हें निर्वस्त्र अवस्था में घुमाया गया।

इसी दौरान एक युवक मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो बनाता रहा। वीडियो में बच्चों के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और उन्हें धमकाने की बात भी सामने आई है।

मोबाइल और रुपये छीनने का भी आरोप

बच्चों ने आरोप लगाया है कि युवकों ने उनके पास मौजूद मोबाइल फोन भी छीन लिए। इसके अलावा उनसे रुपये लिए जाने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

युवकों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कराई जा रही है। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही पुलिस घटना के संबंध में अन्य लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *