Connect with us

राज्य

फर्जी IAS तृप्ति का नया गोलमाल; वायरल वीडियो में साथ दिखीं दोनों युवतियां भी निकलीं शिकार, अफसर बनाने के नाम पर ठगे थे 3-3 लाख

फर्जी आईएएस बनकर लोगों को झांसे में लेने के आरोपों से घिरी तृप्ति सिंह के मामले में अब एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जिस वायरल वीडियो में तृप्ति के साथ दो युवतियां खुद को आईएएस अधिकारी बताती नजर आई थीं, पुलिस जांच में वे दोनों भी कथित तौर पर तृप्ति की ठगी का शिकार निकली हैं।

बैतूल निवासी ख्याति और विशाखा ने पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया है कि तृप्ति ने उन्हें आईएएस बनाने और नौकरी दिलाने का सपना दिखाकर करीब तीन-तीन लाख रुपये लिए। कुछ दिन पहले वायरल हुए वीडियो के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ा था। वीडियो को विधानसभा के भीतर का बताया जा रहा था, लेकिन जांच में इसकी लोकेशन भोपाल स्थित मानव संग्रहालय की संकुल वीथि सामने आई है।

पहले दी स्क्रिप्ट, फिर ‘अफसर’ बनने की ट्रेनिंग

पुलिस को दी शिकायत में ख्याति और विशाखा ने बताया कि तृप्ति ने उन्हें पहले से एक स्क्रिप्ट दी थी। कथित तौर पर उनसे कहा गया कि आईएएस बनने से पहले ही अफसरों जैसा आत्मविश्वास और एटीट्यूड रखना होगा।

इसके बाद तृप्ति उन्हें अलग-अलग कार्यक्रमों और स्थानों पर अपने साथ ले गई। वायरल वीडियो में दोनों युवतियां तृप्ति के बताए अनुसार खुद को आईएएस अधिकारी बताती नजर आईं।

युवतियों का आरोप है कि बाद में उन्हें नौकरी दिलाने और अफसर बनाने का भरोसा देकर रकम ली गई। जब न नौकरी मिली और न ही तृप्ति के दावे पूरे हुए तो उन्हें पूरे मामले में धोखे का अहसास हुआ।

वायरल वीडियो की लोकेशन भी निकली अलग

वायरल वीडियो सामने आने के बाद दावा किया गया था कि यह विधानसभा परिसर का है और तीनों युवतियां वहां विधानसभा की कार्यवाही देखने पहुंची थीं। हालांकि पुलिस की जांच में यह दावा गलत पाया गया। जांच के अनुसार वीडियो विधानसभा में नहीं, बल्कि मानव संग्रहालय की संकुल वीथि में बनाया गया था।

इस खुलासे के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तृप्ति ने अपनी कथित फर्जी आईएएस पहचान को मजबूत करने के लिए कितने लोगों को इस तरह के वीडियो और कार्यक्रमों में शामिल किया।

तृप्ति और भाई सुधांशु चार दिन की रिमांड पर

बागसेवनिया पुलिस बुधवार को अशोकनगर से तृप्ति सिंह और उसके भाई सुधांशु सिंह को भोपाल लेकर आई थी। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने चार दिन की रिमांड हासिल की है।

पूछताछ में पुलिस कथित फर्जी आईएएस नेटवर्क की पूरी कड़ी तलाश रही है। जांच का फोकस इस बात पर भी है कि तृप्ति ने कितने लोगों को नौकरी या अन्य फायदे का लालच देकर रकम ली और इस पूरे मामले में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े थे। पुलिस तृप्ति के मोबाइल फोन, दस्तावेजों और बैंकिंग लेनदेन की भी जांच कर रही है।

पति अचल ने भी की शिकायत

तृप्ति के पति अचल सिंह ने भी शिकायत देकर आरोप लगाया था कि तृप्ति ने खुद को आईएएस बताकर उससे शादी की। पुलिस फिलहाल इस शिकायत पर अलग से मामला दर्ज करने के बजाय पहले से दर्ज प्रकरणों की जांच में अचल को गवाह बनाने की तैयारी में है। पुलिस का कहना है कि तृप्ति के फर्जी आईएएस बनने से संबंधित कई तथ्य पहले से दर्ज मामलों की विवेचना के दौरान सामने आ रहे हैं।

चंदेरी से भोपाल तक सामने आए ठगी के मामले

तृप्ति के खिलाफ अशोकनगर जिले के चंदेरी में नौकरी लगवाने के नाम पर करीब 10 लाख रुपये की ठगी का मामला दर्ज है। चंदेरी पुलिस ने तृप्ति और उसके भाई सुधांशु को गिरफ्तार किया था।

इसके अलावा भोपाल में एमपीटी के होटल-रिसॉर्ट की लीज दिलाने के नाम पर भी लाखों रुपये की कथित ठगी के मामले सामने आए हैं। अब दो युवतियों की शिकायत ने मामले को नया मोड़ दे दिया है।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *