Connect with us

राज्य

पटना और आरा से देवघर तक सीधी कनेक्टिविटी, रेलवे श्रावणी मेला के लिए 2 नई स्पेशल ट्रेनों का किया एलान

श्रावणी मेला के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेलवे ने दो और श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की घोषणा की है।

इनमें पटना-मधुपुर के बीच प्रतिदिन तथा आरा-जसीडीह के बीच प्रत्येक रविवार विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। इससे पटना, दानापुर, बख्तियारपुर, मोकामा, किउल, झाझा, जसीडीह सहित बिहार के कई प्रमुख स्टेशनों से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।

ट्रेन का शेड्यूल

पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चन्द्र ने बताया कि गाड़ी संख्या 03555/03556 मधुपुर-पटना-मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल 29/30 अगस्त तक प्रतिदिन चलेगी।

मधुपुर से यह ट्रेन रात 8:30 बजे रवाना होकर जसीडीह, झाझा, जमुई, किउल, अशोकधाम, मोकामा, बाढ़, बख्तियारपुर, फतुहा, पटना साहिब और राजेंद्र नगर होते हुए सुबह 4:05 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन सुबह 4:30 बजे पटना से खुलकर इसी मार्ग से दोपहर 12:15 बजे मधुपुर पहुंचेगी।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 03270/03269 आरा-जसीडीह-आरा श्रावणी मेला स्पेशल 9 से 30 अगस्त तक प्रत्येक रविवार चलेगी। आरा से यह ट्रेन रात 12:15 बजे प्रस्थान कर दानापुर, पटना, पटना साहिब, फतुहा, बख्तियारपुर, बाढ़, मोकामा, अशोकधाम, किउल, जमुई और झाझा होते हुए दोपहर 12:10 बजे जसीडीह पहुंचेगी।

वापसी में जसीडीह से दोपहर 12:30 बजे रवाना होकर रात 11:45 बजे आरा पहुंचेगी। श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराई जा सके। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे इन विशेष ट्रेनों का अधिकाधिक लाभ उठाएं।

समय पर ट्रेन परिचालन होने से यात्रियों को मिली राहत

गया-डीडीयू व सासाराम-आरा रेलखंड पर यात्री व मालागाड़ी ट्रेनों का परिचालन समय से होने के कारण इन दिनों यात्रियों को बड़ी राहत मिल रही है। पिछले कई दिनों से दोनों प्रकार की ट्रेनें समय से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को समय की बचत हो रही है। सोमवार को पीडीडीयू मंडल में समय पालन करते हुए डेढ़ सौ मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों का शत प्रतिशत परिचालन व प्रबंधन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

मंडल के डीआरएम उदय सिंह मीना ने बताया कि पिछले 10 दिनों में यह तीसरा अवसर है जब डीडीयू मंडल ने मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन में शत-प्रतिशत समय पालन सुनिश्चित किया है। इससे पूर्व 26 जुलाई एवं एक अगस्त को भी मंडल ने यह उपलब्धि प्राप्त की थी।

तीन अगस्त को भी मंडल द्वारा 665 ट्रेनों का सफल संचालन किया गया, जिनमें 150 मेल-एक्सप्रेस, 93 यात्री तथा 422 मालगाड़ी शामिल थीं। संचालित मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में 11 राजधानी एक्सप्रेस, दो गरीब रथ, दो दुरंतो, 12 वंदे भारत एक्सप्रेस तथा चार अमृत भारत एक्सप्रेस सम्मिलित रहीं।

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending

Copyright © 2025 Janta Voice Times. * All Rights Reserved. *