Connect with us

उत्तर प्रदेश

‘बेटे को सिगरेट देकर बनाता है वीडियो और फिर…’ मेरठ की महिला ने एक्स हसबैंड पर बच्चे के साथ गंदे काम करने की बात कहकर कर दी ये मांग

उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सबको हैरान कर दिया हैं. एक महिला ने अपने पूर्व पति पर आरोप लगाया है कि वह उनके 8 साल के बेटे को सिगरेट पीने के लिए उकसाता है, उसका वीडियो बनाता है और फिर उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अपलोड करता है. महिला ने पुलिस से बेटे की कस्टडी वापस दिलाने की मांग करते हुए कहा है कि बच्चे का भविष्य खतरे में पड़ रहा है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

तलाक के बाद पिता के पास रह रहा है बच्चा

एजेंसी के अनुसार, मेरठ के लोहियानगर इलाके की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जनवरी 2026 में उसका अपने पति से तलाक हो गया था. तलाक के बाद उनका 8 साल का बेटा अपने पिता के साथ रहने लगा. महिला का आरोप है कि उसका पूर्व पति बच्चे की ठीक से परवरिश नहीं कर रहा है. उसका कहना है कि बच्चे को गलत संगत में रखा जा रहा है और उसकी पढ़ाई-लिखाई पर भी ध्यान नहीं दिया जा रहा.

गलत वीडियो बनाने का आरोप

महिला ने दावा किया है कि उसके पास ऐसे वीडियो मौजूद हैं, जिनमें उसका बेटा सिगरेट पीता हुआ दिखाई दे रहा है. उसका आरोप है कि ‘बच्चे को सिगरेट पीने के लिए उकसाया जाता है और फिर उसका वीडियो रिकॉर्ड कर Instagram पर अपलोड किया जाता है.’ महिला का कहना है कि ‘आठ साल का बच्चा ऐसी आदत कैसे अपना सकता है, इसकी गंभीर जांच होनी चाहिए.’ उसने यह भी आरोप लगाया कि उसका पूर्व पति पहले एक नशीले पदार्थ से जुड़े मामले में जेल जा चुका है और अब उसके बेटे का भविष्य भी खतरे में पड़ रहा है.

मारपीट और धमकी का आरोप

महिला की शिकायत के मुताबिक, वह 8 जून को अपने बेटे से मिलने गई थी. इस दौरान उसके पूर्व पति और उसके परिवार के लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की. महिला ने आरोप लगाया कि उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई. इन आरोपों के आधार पर उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है और बच्चे को पिता की कस्टडी से निकालकर अपनी देखरेख में सौंपने की अपील की है.

पुलिस बोली- हर पहलू की जांच की जा रही

इस मामले में सर्कल ऑफिसर अभिषेक कुमार पटेल ने बताया कि बुधवार को शिकायत प्राप्त हुई थी और मामले की जांच जारी है. उन्होंने कहा कि महिला द्वारा दिखाए गए वीडियो में बच्चा सिगरेट पीता हुआ नजर आ रहा है, लेकिन फुटेज में उसका पूर्व पति दिखाई नहीं दे रहा है. पुलिस अधिकारी के अनुसार, वीडियो में बच्चा एक कमरे के अंदर अकेले सिगरेट पीता हुआ दिख रहा है. महिला का आरोप है कि उसका पूर्व पति बच्चे को गलत रास्ते पर ले जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Instagram

Facebook

Janta Voice Times

Janta Voice Times All India News

Trending